मार्टीनगंज :आजमगढ़ : रिश्तेदारी से घर लौट रहे बाइक सवार दंपती शनिवार की शाम अहरौला थाना क्षेत्र में हुई सड़क हादसे में अपनी जान गंवा बैठे। दुर्घटना अंबारी-अहरौला मार्ग पर स्थित कालीमठ के समीप हुई। रविवार की सुबह मार्टीनगंज क्षेत्र के सिसवारा मोड़ के पास ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर लगभग चार घंटे तक मार्ग अवरुद्ध रखा। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के समझाने-बुझाने पर दोपहर करीब 12 बजे जाम समाप्त हुआ। इसके बाद दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए। दीदारगंज थाना क्षेत्र के सिसवारा ग्राम निवासी रमेश राजभर (35) पुत्र दलसिंगार की ससुराल अहरौला थाना क्षेत्र के निदियापुर चकलतीपुर गांव में स्थित है। शनिवार की सुबह रमेश अपनी पत्नी पुष्पा देवी (32) के साथ बाइक पर सवार होकर अपनी ससुराल गया था। ससुरालजनों से मिलकर शाम करीब चार बजे बाइक सवार दंपती वापस अपने घर के लिए रवाना हुए। रास्ते में अंबारी-बुढ़नपुर मार्ग पर स्थित कालीमठ के पास उक्त दंपती तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। इस हादसे में बाइक चालक रमेश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी पुष्पा मौके पर तड़पती रही। दुर्घटना की सूचना मुकामी थाने को दी गई, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पंहुच पायी । उस रास्ते से गुजर रहे राहगीरों द्वारा घायल महिला के पास मिली मोबाइल के आधार पर दुर्घटना की सूचना उनके परिजनों को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजन घायल महिला को स्थानीय लोगों की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती कराए, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। मृत दंपती के शव को उनके घर ले जाया गया। रविवार की सुबह करीब 8.30 बजे ग्रामीणों ने मार्टीनगंज बाजार स्थित सिसवारा मोड़ के पास दंपती के शव को सड़क पर रखकर बरदह-अंबारी मार्ग अवरुद्ध कर दिया। घटना की जानकारी पाकर एसओ दीदारगंज व तहसीलदार मार्टीनगंज अरुण कुमार यादव मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण मृतकों के परिजनों को सरकारी मदद तत्काल देने की जिद पर अड़े रहे। ग्रामीणों द्वारा बात अनसुनी कर दिए जाने की जानकारी पर सुबह करीब 10.30 बजे सीओ फूलपुर संतोष सिंह व एसडीएम मार्टीनगंज आसाराम यादव मौके पर पहुंचे। घटना की खबर पाकर क्षेत्रीय विधायक व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सुखदेव राजभर एवं भाजपा नेता कृष्णमुरारी विश्वकर्मा भी मौके पर पहुंच गए। क्षेत्रीय विधायक ने इस संबंध में जिला अधिकारी से फोन पर वार्ता की। जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम मार्टीनगंज ने मृतकों को सरकार से समुचित मदद दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। हादसे में मृतक पुष्पा देवी आंगनबाड़ी कार्यकत्री के रूप में कार्यरत थी। मृत दंपती के पुत्र दिव्यांशु (5) और पुत्री महक (3) साल की बताई गई है। इस घटना से मृतक परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
Blogger Comment
Facebook Comment