आजमगढ़ : जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र इन दिनों चोरों के निशाने पर है। थाने से डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर ही चोरों ने एक पखवाड़े में आधा दर्जनभर घटनाओं को अंजाम दे दिया, इसके बाद भी पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। एक भी चोरी की घटना का पुलिस अब तक खुलसा नहीं कर सकी है। सबसे बड़ी बात तो यह है कि कस्बे के जिस चौक पर चोरी की घटनाएं घट रही है वहां चौबीसों घंटे पुलिस पिकेट तैनात रहती है। रात में भी बड़ी-बड़ी लाइट लिए पुलिस के जवान चौक पर ट्रकों की चेकिंग करते आसानी से दिख जाते है। जीयनपुर कोतवाली के खानकाह बहरामपुर गांव निवासी कुंदन जायसवाल पुत्र स्व. जमुना प्रसाद जीयनपुर कस्बे में इन्वर्टर-बैट्री की दुकान खोल रखे है। एक नवंबर को चोरों ने दुकान का ताला चटका कर लाखों का माल पार कर दिया था। पीड़ित ने जीयनपुर कोतवाली में तहरीर भी दी लेकिन अब तक पुलिस चोरों तक नहीं पहुंच सकी। इसी दिन चोरों ने अजमतगढ़ कस्बे देवरिया जिले के बरहज बाजार निवासी रमेश हवलाई पुत्र शिवशंकर के बंद घर का ताला चटका कर चोरों ने लाखों के जेवरात उड़ा दिया था। इन दोनों घटनाओं का पुलिस अभी खुलासा ही नहीं कर सकी थी कि 12 नवबंर की रात चोरों ने कस्बा के मुख्य चौक स्थित विजय मद्धेशिया पुत्र स्व. प्रभुनाथ के किराना के दुकान से पचास हजार रुपये नकदी के साथ ही लगभग चालीस हजार के सामान पर हाथ साफ कर दिया था। इसी रात चोरों ने कुछ ही दूरी पर स्थित महेंद्र गुप्ता के मकान में स्थित सूर्ती की दुकान से दो हजार रुपये नकद चुरा ले गए थे। जीयनपुर कस्बे के मुख्य बाजार में एक पखवारे के अंदर हुई आधा दर्जन भर चोरी की घटनाओं के बाद भी पुलिस के सक्रिय न होने से चोरों के हौसले बुलंदी पर है। मुख्य चौक पर कहने को तो पुलिस की पीकेट चौबीस घंटे तैनात रहती है। रात में तो पुलिस कर्मी बड़े-बड़े टार्च लेकर चौराहे पर मौजूद रहते है और गुजरने वाले ट्रकों को रोक कर चेकिंग करते रहते है। इसके बाद भी चोरी की घटनाओं का होना पुलिस की निष्क्रियता की ओर इशारा कर रहा है। बाजार के लोग पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अब तक आंदोलन तक का मन बनाने लगे है।
Blogger Comment
Facebook Comment