13 अध्यक्ष पदों पर चिन्ह के साथ चुनावी जंग में कूदे 126 उम्मीदवार
आजमगढ़ : 13 नगर निकायों के अध्यक्ष पदों पर शुक्रवार को चुनाव चिन्ह आंवटन के प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही 126 उम्मीदवार चुनाव चिन्ह के साथ चुनावी जंग में कूद गए। खासकर निर्दलीय उम्मीदवार और उनके समर्थक चुनाव चिन्ह का प्रचार करने के लिए नए सिरे से पोस्टर, पंपलेट छपवाने में जुट गए। आजमगढ़ नगर पालिका में सर्वाधिक 20 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। यहाँ से पूर्व पालिका अध्यक्षा शीला श्रीवास्तव दुबारा कंघा चुनाव चिन्ह पा ली वहीँ अन्य निर्दलीय उम्मीदवार मनपसंद चुनाव चिन्ह के लिए नामांकन कक्ष में एक-दूसरे से तकरार करते रहे। जिले के दो नगर पालिका परिषद और 11 नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद के लिए गुरुवार को उम्मीदवारी वापसी के लिए समय दिया गया था। नाम वापसी के बाद आजमगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष पद पर बीस उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए । मुबारकपुर नगर पालिका के अध्यक्ष पद के लिए 12 प्रत्याशी ही रह गए। शुक्रवार को दोनों नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए कलक्ट्रेट में चुनाव मैदान में डटे उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह का आवंटन किया गया। आजमगढ़ नगर पालिका में राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों में प्रमुख रूप से अजय सिंह, सुधीर सिंह, पद्माकर वर्मा , डॉ. रमेश चन्द शर्मा, तेज बहादुर यादव, महमूद को उनके दल का चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया। जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों को हेलिकाप्टर, कंघा,लड़का-लड़की, वृक्ष, जीप,रिक्शा,अनार,टेबुल फैन,छत फैन,गदा,स्कूटर,छड़ी, रेल गाड़ी का इंजन आदि चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए। वहीं मुबारकपुर नगर पालिका अध्यक्ष पर भी राजनीति दलों के उम्मीदवारों में प्रमुख रूप से करीमुन्निशा, पूनम गुप्ता, शबाना अंजुम, शाहिना पत्नी हुमायू कबीर, शाहीना पत्नी नेहाल को उनके दल का सिंबल एलाट किया गया। निर्दल प्रत्याशियों में अख्तर बानो, नाजनीन सुल्ताना, नासेरा, निकहत परवीन, नौशाबा खां, हबीबुननिशा को भी निर्वाचन आयोग के मानक के तहत चुनाव चिन्ह का आवंटन किया गया। दूसरी तरफ सदर,मार्टीनगंज तहसील को छोड़ कर छह तहसील मुख्यालयों पर 11 नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद पर डटे 94 प्रत्याशियों को भी चुनाव चिन्ह का आवंटन किया गया। कलक्ट्रेट और तहसील मुख्यालयों पर सुबह 11 बजे से शाम तीन बजे तक चुनाव चिन्ह का आवंटन की प्रक्रिया पूरी की गई। चुनाव चिन्ह मिलते ही निर्दलीय उम्मीदवार और उनके समर्थक वोटरों के बीच अपने-अपने चुनाव चिन्ह की पहचान कराने के लिए पोस्टर, पंपलेट छपवाने के लिए जुट गए। प्रिंटिंग प्रेसो पर समर्थक देर रात तक आर्डर बुक कराते रहे। वहीं लाउडस्पीकर से चुनाव चिन्ह का प्रचार शुरू कर दिया गया।
Blogger Comment
Facebook Comment