आजमगढ़ : सठियांव ब्लाक के शाहगढ़ ग्राम पंचायत में खड़ंजा निर्माण में गुणवत्ता की सीडीओ से हुई शिकायत पर शुक्रवार को बीडीओ ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मानक के विपरीत निर्माण कार्य पाये जाने पर बीडीओ ने निर्माण कार्य को रोकवा दिये। बीडीओ ने ग्राम प्रधान को सख्त हिदायत देते हुए निर्माण कराने का निर्देश दिये। सरकार द्वारा गांवों के विकास के लिए आवंटित धनराशि का दुरूपयोग करते हुए मानक व गुणवत्ता को ताक पर रखकर निर्माण कराया जाना कोई नई बात नहीं है। सठियांव ब्लाक के शाहगढ़ ग्राम पंचायत में जूनियर बालिका हाई स्कूल के बगल में खड़ंजा निर्माण कार्य हो रहा था। विगत 14 नवंबर को आधा दर्जन ग्रामीणों ने मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक सिंह से मिलकर खड़ंजा कार्य में मानक व गुणवत्ता के विपरीत कार्य कराये जाने की शिकायत की। इसे संज्ञान में लेते हुए सीडीओ ने खण्ड विकास अधिकारी राजीव कुमार वर्मा को मौका मुआयना करने के लिए आदेशित किया। शुक्रवार को बीडीओ के साथ जेई अमरनाथ चौरसिया व सचिव सुबाष शर्मा आदि मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किये। निरीक्षण के दौरान मानक के विपरीत कार्य होना पाया गया। जिस पर बीडीओ ने तत्काल प्रभाव से कार्य को रोकवा दिया। उन्होंने इस पर नाराजगी जतायी और ग्राम प्रधान महेन्द्र मौर्या को सख्त हिदायत दिया कि मानक के अनुरूप कार्य कराइये। शिकायतकर्ताओं में मुख्य रूप से शैलेन्द्र मौर्या, भोला चौहान, रामविलास, उम्हर प्रजापति, हरिश्चंद्र, कन्हैया सेठ आदि शामिल रहे। इस संबंध में बीडीओ राजीव कुमार वर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों की शिकायत सही पायी गयी। मौके पर ईंटों की जांच की गयी जो मानक के विपरीत थी इसलिए कार्य को रोकवा दिया गया है। ग्राम प्रधान को मानक के अनुरूप कार्य कराये जाने के लिए निर्देशित कर दिया गया है।
Blogger Comment
Facebook Comment