सरायमीर:आजमगढ़ : क्षेत्र के बीनापारा गांव में एक दिन पहले शनिवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष के दौरान मारपीट और फायरिंग मामले में पुलिस ने शनिवार को देर रात में एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि तीन नामजद आरोपी गांव छोड़ कर फरार हो गए हैं। गोली लगने से घायल दो व्यक्तियों का इलाज चल रहा है। सरायमीर थाने के बीनापारा गांव निवासी अलाउद्दीन और एजाज के परिवार भूमि विवाद का निस्तारण थाने और तहसील स्तर से न होने पर शनिवार को आमने-सामने हो गए। एक पक्ष भूमि पर निर्माण कराने लगा और दूसरा पक्ष मौके पर पहुंच कर विरोध करने लगा। दोनों पक्ष एक-दूसरे को धमकी देते हुए भिड़ गए और लाठी-डंडे से मारपीट करते-करते असलहा भी निकल गया। इस दौरान फायरिंग किए जाने से गांव में दहशत फैल गई। जांघ में गोली लगने से मो.कैश और मो.राकिब घायल हो गए। लाठी के प्रहार से अबु जैद भी घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती,तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। घायलों को पीएचसी खरेवां मोड़ से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया था। शनिवार को देर रात में गोली लगने से घायलों के परिजनों की तहरीर पर सरायमीर थाने की पुलिस ने बीनापारा निवासी एजाज अहमद, ताहिर अहमद पुत्रगण इलियास अहमद,रफाक और दानिश के खिलाफ जान लेवा हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया । इस दौरान नामजद आरोपी रफाक अहमद को गिरफ्तार कर लिया। जबकि तीन नामजद आरोपियों अभी फरार है।
Blogger Comment
Facebook Comment