]आजमगढ़ : नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर दाखिल नामांकन पत्रों की जांच मंगलवार को कलेक्ट्रेट व संबंधित तहसील मुख्यालयों पर दिन भर होती रही । इस दौरान नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत अध्यक्ष पद के कुल 157 नामांकन पत्र वैध पाए गए। हालांकि अंतिम स्थिति नौ नवंबर को नामांकन वापसी के बाद ही स्पष्ट होगी। नामांकन पत्रों की जांच के बाद नगर पालिका परिषद आजमगढ़ में 25 व मुबारकपुर में 12 उम्मीदवार अभी मैदान में रह गए हैं। इसी प्रकार नगर पंचायत बिलरियागंज में 12, महराजगंज में सात, अजमतगढ़ में छह, नगर पंचायत जीयनपुर में 13, फूलपुर में 10, माहुल में 19, निजामाबाद में 14, सरायमीर में नौ, अतरौलिया में 10, कटघर लालगंज में सात और नगर पंचायत मेंहनगर में 13 उम्मीदवार अभी तक चुनाव मैदान में हैं। उधर कलेक्ट्रेट व तहसील मुख्यालयों पर सुबह जब नामांकन पत्रों की जांच शुरू हुई तो कई उम्मीदवारों की धड़कने बढ़ी हुई थी कि कहीं किसी कारण उनका नामांकन पत्र खारिज न हो जाए। बहरहाल अब तो नौ नवंबर को नाम वापसी के बाद तय हो जाएगा कि कितने प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। उधर मंगलवार को नगर पालिका परिषद व नगर पंचायतों में सदस्य पद के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की जांच भी हुई। इसमें दो नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए। जबकि अभी तक कुल 172 वार्डों में कुल 846 उम्मीदवार बचे हैं। हालांकि अंतिम स्थिति नौ नवंबर को नामांकन पत्रों की वापसी के बाद ही स्पष्ट होगी। नामांकन पत्रों की जांच के बाद नगर पालिका परिषद आजमगढ़ में 142 व मुबारकपुर में 149 उम्मीदवार हैं। जबकि नगर पंचायत बिलरियागंज में 44 व नगर पंचायत महराजगंज में 39 उम्मीदवार हैं। जबकि नगर पंचायत अजमतगढ़ में 41 में एक पर्चा अवैध घोषित किया गया। क्यों कि सामान्य वर्ग के उम्मीदवार द्वारा 2000 की जगह 1000 रुपये जमानत राशि जमा की गई थी। इसी प्रकार नगर पंचायत फूलपुर में 35 नामांकन में एक पर्चा खारिज कर दिया गया। क्यों कि उम्र कम थी और प्रमाण पत्र अधिक का जमा किया गया था। इसी प्रकार नगर पंचायत माहुल में 74, निजामाबाद में 48, सरायमीर में 67, अतरौलिया में 42, कटघर लालगंज में 63 और नगर पंचायत मेंहनगर में सभी 49 नामांकन पत्र वैध पाए गए। सुबह 11 बजे से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया की जांच बड़ी गहनता से की जा रही थी।
Blogger Comment
Facebook Comment