आज़मगढ़ 7 नवम्बर -- मण्डलायुक्त के.रविन्द्र नायक ने कहा है कि कृषि विभाग के अधिकारी कर्मचारी किसानों के बीच जायें तथा उनकी समस्याओं की जानकारी कर उसका समयबद्ध निराकरण करें। उन्होंने यह भी कहा कि क्रय केन्द्रों पर किसानों को अपना धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसी क्रम में उन्होंने संभागीय खाद्य नियन्त्रक को निर्देशित किया कि यदि मण्डल के किसी जनपद में किसानों के हित में क्रय केन्द्र बढ़ाये जाने की आवश्यकता हो तो उसे तत्काल बढ़ायें। मण्डलायुक्त श्री नायक ने मंगलवार को अपने कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित शासन की प्राथमिकताओं वाले विकास कार्यक्रमों, कानून व्यवस्था, कर एवं करेत्तर तथा अन्य राजस्व देयों की वसूली, एण्टी भू-माफिया टास्क फोर्स की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने समीक्षा के दौरान उप आयुक्त गन्ना जो जनपद देवरिया में बैठते हैं तथा आज़मगढ़ मण्डल के भी इन्चार्ज हैं, को लगातार बैठकों से अनुपस्थित पाये जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उनका वेतन रोकने का निर्देश देते हुए कहा कि इस सम्बन्ध में कोषाधिकारी देवरिया को इस आशय का पत्र भेजा जाय कि यहाॅं से संतुति के उपरान्त ही उनके वेतन आहरण की अनुमति दी जाय। उन्होेंने लोगों से कहा कि जो भी सामग्री क्रय करें वह एमआरपी (अधिकतम खुदरा मूल्य) से अधिक दाम पर कदापित न दिया जाये, क्योंकि एमआरपी में जीएसटी सम्मिलित है। उन्होने कहा कि यदि कोई व्यापारी एमआरपी से अधिक मूल्य लेता है तो उसकी सूचना ज्वाइन्ट कमिश्नर जीएसटी वीपी सिंह के मोबाइल नम्बर 7235003410 पर दी जाये। इसके साथ ही उन्होने ज्वाइन्ट कमिश्नर को अपना मोबाइल हमेश आॅन रखने निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे प्रकरणों में गंभीरता दिखाते हुए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें। मण्डलायुक्त के.रविन्द्र नायक ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान अपर निदेशक स्वास्थ्य को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य केन्द्रों पर डाक्टर्स की उपस्थिति सुनिश्चित कराने हेतु लगतार निरीक्षण किया जाय। इसी क्रम में उन्होने तीनों जनपद के जिलाधिकारियों को भी सीएचसी/पीएचसी का औचक निरीक्षण करने का निर्देश देते हुए कहा कि जो भी डाक्टर अनुपस्थित पाये जायं उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाय। मण्डलायुक्त ने डाक्टरों की तैनाती की वास्तविक स्थिति जानने के लिए सिफ्सा के मण्डलीय प्रबन्धक को निर्देशित किया कि पूरा मैप तैयार कर स्वास्थ्य केन्द्रों पर डाक्टरों की तैनाती का विवरण दो दिन के अन्दर प्रस्तुत करें। उन्होने अपर निदेशक स्वास्थ्य को निर्देश दिया कि जिन-जिन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर सर्जन की तैनाती नहीं हुई उनकी स्थिति से अवगत करायें ताकि शीघ्र तैनाती हेतु शासन को अवगत कराया जा सके। उन्होने टीकाकरण की प्रगति अपर असन्तोष व्यक्त करते हुए एक माह के अन्दर लक्ष्य के सापेक्ष्य उपलब्धि हासिल करने हेतु सभी सीएमओ को निर्देशित किया। श्री नायक ने जनपद बलिया में संस्थागत प्रसव की स्थिति पर भी अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए अपर निदेशक स्वास्थ्य एवं सीएमओ को इसकी मानीटरिंग कर इसमें सुधार लाने का निर्देश दिया। मण्डलायुक्त श्री नायक ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में भोजन सामग्री खरीद हेतु सीधे धनराशि वार्डन को उपलब्ध कराने का निर्देश देते हुए कहा कि इससे पठन पाठन हेतु और अधिक समय मिल सकेगा। उन्होने निर्देश दिया कि कस्तूरबा गांधी विद्यालयों एवं आश्रम पद्धति विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र/छात्राओं के स्वास्थ्य को दृष्टिगत खेल कूद, साफ साफाई, स्वास्थ्य परीक्षण, मनोरंजन आदि के सम्बन्ध में भी विशेष रूप से ध्यान दिया जाय। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में इन्डोर गेम्स के लिए सामग्री शीघ्र खरीदें। मण्डलायुक्त ने विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया विद्युत चोरी रोकने के लिए जरूरी है कि प्रत्येक पोल से आवंटित कनेक्शनों का तत्काल पूरा विवरण तैयार किया जाय तथा उसी आधार प्रत्येक पोल पर जाॅंच करायें। जो भी विद्युत चोरी में संलिप्त पाया जाय उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही करें। नहरों में पानी की उपलब्ध के सम्बन्ध में सम्बन्धित अधिशासी अभियन्ता द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में सिल्ट सफाई का कार्य चल रहा है, आगामी माह में नहरों में पानी आ जायेगा। मण्डलायुक्त ने निर्देश दिया कि सिल्ट सफाई का कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ होना चाहिए तथा यह भी सुनिश्चित किया जाये नहरों में पानी आने के बाद उसे टेल तक पहुंचाया जाय। मण्डलायुक्त श्री नायक ने आसन्न नगरीय निकाय निर्वाचन को दृष्टिगत रखते हुए कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने का निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाय। उन्होंने हिस्ट्रीशीटरों, जमानत पर जेल से बाहर सज़ायाफ्ता, जिला बदर, गैंगेस्टर ऐक्ट में निरुद्ध अपराधियों पर पैनी नज़र रखने का भी निर्देश दिया। मण्डलायुक्त ने निर्देश दिया कि निर्वाचन निष्पक्षता, स्वतन्त्रता, पारदर्शिता, शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उन्हें पाबन्द करने की भी कार्यवाही की जाय। उन्होने कहा कि निर्वाचन के कारण गैर कानूनी और अवैध शराब का कारोबार बढ़ सकता है, इसलिए आबकारी निरीक्षक लगातार भ्रमण करें, तथा छापेमारी में और तेजी लायें। उन्होंने कहा अवैध शराब के कारोबार हर हालत में बन्द करना है। उन्होंने आगाह किया कि कहीं भी ज़हरीली शराब से यदि किसी की मोत होती है तो सम्बन्धित के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने ऐन्टी भू-माफिया टास्टफोर्स की प्रगति की समीक्षा के दौरान कहा कि गांव सभा की भूमि, पोखरों तालाबों आदि पर किये गये अवैध कब्ज़ों को हटाने में किसी प्रकार की रियायत नहीं होनी चाहियें तथा आवश्यकतानुसार कब्ज़ा धारकों के विरूद्ध अण्डर सेक्शन 154 सीआरपीसी के तहत लोक सम्पत्ति निवारण अधिनियम की धारा 2, 3, 5, के अन्तर्गत मूकदमा पंजीकृत कराते हुए सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाये। इस अवसर पर डीआईजी विजय भूषण, जिलाधिकारी आज़मगढ़ चन्द्रभूषण सिंह, जिलाधिकारी बलिया सुरेन्द्र विक्रम, जिलाधिकारी मऊ ़ऋषिरेन्द्र कुमार, पुलिस अधीक्षक आज़मगढ़ अजय कुमार साहनी, एसपी बलिया अनिल कुमार, एसपी मऊ एलके सिंह, अपर आयुक्त राजेन्द्र कुमार, संयुक्त विकास आयुक्त हरिश्चन्द्र वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी आज़मगढ़ अभिषेक सिंह, सीडीओ मऊ आशुतोष कुमार द्विवेदी, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या राजाराम यादव, संयुक्त कृषि निदेशक एसके सिंह, संयुक्त शिक्षा निदेशक एपी वर्मा सहित अन्य सम्बन्धित मण्डलीय एवं जनपदीय अधिकारी उपस्थित थे।
Blogger Comment
Facebook Comment