मजदूरी लेनदेन को लेकर विवाद में सहकर्मी पर शक आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र अन्तर्गत बेलइसा स्थित कोल्ड स्टोरेज में मंगलवार की रात मजदूरी की बात को लेकर सहकर्मी ने लेबर ठेकेदार की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद हत्यारोपी मौके से फरार हो गया। इस मामले में पुलिस पूछताछ के लिए दो मजदूरों को हिरासत में लिये हुए है। एक संदिग्ध फरार है जिसकी तलाश में पुलिस लगी है। अम्बेडकर नगर जिले के सम्नपुर थाना अन्तर्गत बरौली ग्राम निवासी संतराम यादव (50) पुत्र भगेलू यादव नगर के बेलइसा स्थित कोल्ड स्टोरेज पर लेबर ठेकेदार के रुप में काम करता था। संतराम के साथ उसके गृहक्षेत्र के अन्य मजदूर भी लेबर के रुप में काम कर रहे थे। इस मामले में संतराम के साथ आये एक मजदूर ने तीन दिन पूर्व अपनी मजदूरी की मांग की। इस बात को लेकर दोनों के बीच काफी नोक-झोक हुई थी । साथ आये मजदूर ने संतराम को मजदूरी का भुगतान करने के लिए मंगलवार का समय दिया था। रात करीब 8 बजे दोनों के बीच मजदूरी को लेकर विवाद हुआ। बताया जा रहा है की मामला बढ़ने पर इसी बीच भुगतान मांगने वाले मजदूर ने संतराम के गले पर चाकू से वार कर दिया। जिससे संतराम गंभीर रुप से घायल हो गया। कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गयी। घटना की सूचना पाकर मृतक के परिजन बुधवार की सुबह मौके पर पहुंचे। इस संबंध मृतक के भाई रमाशंकर यादव ने भाई के हत्या का मुकदमा पंजीकृत कराया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में पुलिस ने कोल्ड स्टोरेज में काम करने वाले अन्य मजदूरों को पूछताछ के लिए उठाया है।
Blogger Comment
Facebook Comment