आजमगढ़ : कप्तानगंज थाना अंतर्गत तेरही विद्युत उपकेंद्र के पास बुधवार की देर रात पीछे से आ रही ट्रक ने बाइक सवार को रौंद दिया। इस हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय मृतक कप्तानगंज बाजार से घर लौट रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया है। जानकारी के अनुसार बभनपुरा गांव निवासी 40 वर्षीय त्रिलोकी यादव पुत्र रामसागर यादव खेती किसानी का काम करता था। बुधवार की शाम वह बाइक से कप्तानगंज बाजार खरीदारी के लिए गया था। देर रात लगभग साढ़े दस बजे वह सामान लेकर बाइक से वापस घर लौट रहा था। अभी वह तेरही बाजार स्थित विद्युत उपकेंद्र के पास ही पहुंचा था कि पीछे से आ रही ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में त्रिलोकी की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाऊस भेज दिया। मृतक त्रिवेणी दो पुत्र व दो पुत्रियों के पिता थे और दो भाईयों में बड़े थे। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
Blogger Comment
Facebook Comment