आजमगढ़ : निकाय चुनाव के दौरान अवैध शराब की खपत पर रोक लगाने को लेकर पुलिस प्रशासन की सक्रियता बढ़ती जा रही है ,जिसका परिणाम है कि सोमवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों की पुलिस ने अवैध कच्ची व देशी शराब की शीशी के साथ सात लोगों को पकड़ने में सफलता पाई। गंभीरपुर थाना पुलिस ने श्रीरामगंज बाजार के पास से सोमवार की रात एक व्यक्ति को 20 लीटर कच्ची शराब के साथ पकड़ा। पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम एहसान अंसारी पुत्र नियाज अहमद निवासी मुजफ्फरपुर थाना गंभीरपुर बताया। फूलपुर कोतवाली पुलिस ने अस्पतलपुर राइस मिल के पास से क्षेत्र के कनेरी गांव निवासी विजय शंकर यादव पुत्र दुधनाथ को 53 शीशी देशी शराब के साथ पकड़ा। अहरौला पुलिस ने 32 शीशी शराब के साथ बनहरा गांव निवासी रोशन निषाद को गांव के पास स्थित तिराहे से पकड़ कर चालान कर दिया। तहबपुर पुलिस भी अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सक्रिय दिखी। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मेहमौनी गांव निवासी प्रद्युमन राय पुत्र रामाश्रय राय को पुलिस ने बनकट पुलिया के पास से 22 शीशी शराब के साथ सोमवार की शाम पकड़ लिया। मेंहनगर पुलिस ने लखराव पुलिया के पास से चंद्रेश पुत्र खेलावन निवासी वीरभानपुर थाना मेंहनगर को 10 लीटर कच्ची शराब के साथ धर दबोचा। इसी क्रम में मुबारकपुर पुलिस ने शकील पुत्र अब्दुल रशीद निवासी पुरारानी को समौधी को धर दबोचा। उसके पास से 10 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। मेंहनाजपुर पुलिस ने खुम्भा देवरी मोड़ से तरवां थाना क्षेत्र के भंवरपुर निवासी हरिनरायणसिंह को 20 शीशी देशी शराब के साथ पकड़ लिया। पुलिस ने सभी का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया है।
Blogger Comment
Facebook Comment