पवई :आजमगढ़ : स्थानीय थाने में गुरुवार को एक व्यक्ति ने बहन की हत्या कर शव को छिपाने का आरोप लगाते हुए उसके ससुर, जेठ तथा भतीजे के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पवई थाना क्षेत्र के चुलपुरा गांव के पास गत 15 सितंबर को दिन में रेल पटरी के किनारे स्थित झाड़ी में चाची कमला देवी (32) और भतीजे अतुल (18) पुत्र दशरथ राम के रक्तरंजित शव मिले थे। उस दौरान यह बात सामने आई कि दोनों मृतक अपने गांव कोपा थाना शाहगंज जनपद जौनपुर से पड़ोसी गांव चुलपुरा की ओर पशुओं के लिए चारा काटने के लिए निकले थे। अब इस मामले में पवई थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर भूलेसरा ग्राम निवासी व मृतका कमला के भाई संजय कुमार ने गुरुवार को पवई थाने में भूमि विवाद को लेकर बहन की हत्या कर देने तथा शव को छिपा देने का आरोप लगाते हुए तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपियों में मृतका के ससुर रामसिजोर, जेठ दशरथ तथा भतीजे अनिल कुमार पुत्र दशरथ निवासी ग्राम कोपा, थाना शाहगंज जनपद जौनपुर को नामजद किया गया है।
Blogger Comment
Facebook Comment