.

मुठभेड़ में घायल बदमाश ने खोला गिरोह का राज ,आधा दर्जन के खिलाफ मुकदमा

आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र के सेंहदा जंगल के पास शुक्रवार की सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश तथा एक सिपाही जवाबी कार्रवाई के दौरान घायल हो गए। इस मामले में कंधरापुर थाने में बोलेरो सवार आधा दर्जन बदमाशों के खिलाफ हत्या प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। घायल बदमाश को जिला अस्पताल से वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया जबकि गोली से जख्मी आरक्षी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। रात में चारपहिया वाहन से पशुओं की चोरी करने वाले गिरोह तथा बदमाशों के बीच शुक्रवार को तड़के कंधरापुर थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान बरदह थाना क्षेत्र के बक्से पूर्व ग्राम निवासी आतिश पुत्र कयूम गोली लगने से घायल हो गया वही कंधरापुर थाने में तैनात आरक्षी अभिषेक सिंह के बाएं हाथ में गोली लगी थी । पुलिस ने मौके से बोलेरो वाहन तथा घायल बदमाश के कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किया। इस दौरान वाहन में सवार अन्य बदमाश घने कोहरे का लाभ उठाते हुए मौके से भागने में कामयाब रहे। मुठभेड़ से संबंधित पूछताछ के दौरान घायल बदमाश द्वारा मौके से फरार साथियों के बारे में पुलिस को बताया गया। इस मामले में थानाध्यक्ष कंधरापुर सरिता सिंह की तहरीर पर जौनपुर जिले के सरपतहां थाना अंतर्गत समाधरपुर निवासी धर्मेंद्र पुत्र अलगू, रूदलपुर ग्राम निवासी मुन्ना पुत्र मजनू, इसी जनपद के खेतासराय थाना अंतर्गत गराधन ग्राम निवासी सुभाष पुत्र करिया हरिजन तथा सुल्तानपुर जिले के करौथीकला थाना अंतर्गत मरझौली निवासी लवकुश पुत्र पप्पू एवं बिंदु पता अज्ञात के खिलाफ हत्या प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment