.

पूरे तामझाम के साथ बागी अभिषेक 'दीनू 'ने किया निर्दल नामांकन


पिछले कार्यकाल नगर में हुए हैं अभूतपूर्व विकास कार्य -अभिषेक 

सफाई में ठेकेदारी की व्यवस्था समाप्त कर स्थायी व्यवस्था होगी -दीनू 

आजमगढ़: नगर पालिका परिषद आजमगढ से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी समाजेसवी अभिषेक जायसवाल दीनू ने सोमवार को भारी तामझाम के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर निर्दल प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। इस दौरानदीनू  के साथ हजारों की संख्या में उनके समर्थक चल रहे थे।
नगर स्थित श्रीकृष्ण गौशाला पहाड़पुर में सुबह अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अभिषेक जायसवाल दीनू का जुलूस निकला, जो तकिया, पुरानी कोतवाली, मातवरगंज, नगर पालिका होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचा। काफिले में हजारों की संख्या में महिला, पुरूष और नौजवान मौजूद थे। काफिले के दौरान गाजे बाजे की धुन पर उनके समर्थक थिरक रहे थे। समर्थक नगर के विकास के लिए अभिषेक जायसवाल को नगर पालिका अध्यक्ष बनाने की नारे लगा रहे थे। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद श्री जायसवाल ने अपनी माता व नगर पालिका की निवर्तमान चेयरमैन इन्दिरा देवी जायसवाल के साथ आरओ के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद मीडिया से रूबरू अभिषेक जायसवाल ने कहाकि नगर के विकास के लिए वह कटिबद्ध है। पिछले पांच वर्षों के कार्यकाल का जिक्र करते हुए उन्होने बताया कि माता जी के कार्यकाल में जितना शहर का विकास हुआ उतना पिछले किसी अध्यक्ष के कार्यकाल में नहीं हो सका है। सभी वार्डों में विकास किया गया है। सफाई व्यवस्था को और चुस्त दुरूस्त करने के लिए नगर पालिका में आवश्यकतानुसार सफाई कर्मियों की भर्ती की जायेगी। ठेकेदारी प्रथा के कारण कुछ वार्डों में सफाई सही ढंग से नहीं हो पा रही थी इस व्यवस्था को समाप्त किया जायेगा। इसके अलावा शहर से निकले कूड़े के लिए डम्पिंग प्लाण्ट लगाया जायेगा। महानगरों के तर्ज पर नगर का और तेजी से विकास किया जायेगा। श्री जायसवाल ने कहाकि वह अपनी माता द्वारा कराये गये विकास कार्यों के बल पर चुनाव लड़ेगे। उनके कार्यकाल में घाटों व बंधों का सुन्दरीकरण, वार्डों में नालियों, इण्टरलांकिग व सीसीरोड का का निर्माण कराया गया, प्रकाश के लिए वार्डों में व सड़के के किनारे एलईडी, हाईमास्क लाइटें व स्ट्रीट लाईटें लगवाये गये है। कई जगहों पर सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा माता जी के कार्यकाल में नगर में अनेकों विकास कार्य हुए है जिनको जनता भंली भांती देख रही है। अन्य प्रत्याशी जनता को भटकाने का प्रयास कर रहे है। लेकिन वह अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पायेंगे। उन्होने माता जी के पूर्व बने चेयरमैनों के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहाकि उनके समय में न तो शहर का विकास हो सका और न ही सफाई कर्मियों को समय पर तनख्वाह ही मिली। जिसे जनता ने नकार कर हमारी माता को चेयरमैन बनाया था। भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए उन्होने कहाकि भाजपा जातिबंधन को मुक्त करने का ढ़ोंग करती है जबकि पूरी पार्टी ही जाति व्यवस्था में जकड़ी हुई है। पिछड़ों के बारे में नहीं सोचती विकास की बात करना महज इनका दिखावा है। श्री जायसवाल ने कहाकि पिछले 15वर्षों से नगर पालिका में भ्रष्टाचार का बोलबाला था जिसे हमने पिछले कार्यकाल में समाप्त कर दिया लेकिन कुछ ठेकेदार जो इस समय अध्यक्ष पद के प्रत्याशी बने है उनसे विकास की उम्मीद नहीं की जा सकती है। श्री जायसवाल ने कहाकि हमारे नामांकन मे दिखावे की भीड़ नहीं बल्कि शहर के संभ्रान्त नागरिक  और मतदाता थे उन्होने नामांकन में आये सभी नगर वासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। 

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment