.

शहर कोतवाली: घर से लापता किशोरवय छात्र का शव कुएं से हुआ बरामद

आजमगढ़ : मुबारकपुर थाना क्षेत्र के महरूपुर गांव से एक दिन पूर्व लापता हुए 13 वर्षीय किशोरवय छात्र का शव मंगलवार की सुबह शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कोठरा (देऊडांड़ पकड़िया) के सिवान में स्थित कुएं से बरामद किया गया। अग्निशमन कर्मियों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाल पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस घटना से मृत किशोर के घर कोहराम मचा हुआ है। मुबारकपुर क्षेत्र के महरूपुर ग्राम निवासी भागवत यादव का लगभग चार वर्ष पूर्व असमय निधन हो गया। मृतक के पांच पुत्रों में सबसे छोटा 13 वर्षीय संतोष क्षेत्र के ही एक निजी विद्यालय में कक्षा छह का छात्र था। सोमवार की शाम संतोष अपनी मां के कहने पर सब्जी खरीदने के लिए पड़ोसी गांव सिंही चट्टी पर पहुंचा। वहां उससे बड़ा भाई सिनोद यादव मिला और उसने सब्जी व फल खरीद कर छोटे भाई संतोष को घर भेज दिया। उधर सब्जी आदि लेकर चला संतोष घर नहीं पहुंचा। देर शाम जब सिनोद घर पहुंचा तो उसे छोटे भाई के घर न पहुंचने की जानकारी मिली। रात में ही लोग उसकी तलाश में निकले, लेकिन संतोष का सुराग नहीं लग सका। बुधवार की सुबह सिनोद गांव के कुछ अन्य लोगों के साथ घर से लगभग 12 किमी दूर शहर कोतवाली क्षेत्र के ककरहटा गांव के प्रधान रामचंद्र से मिला। उनसे गांव के सिवान में स्थित कुएं के बारे में जानकारी मांगी गई। घटनाक्रम की जानकारी के बाद ग्राम प्रधान ग्रामीणों के साथ पड़ोसी ग्रामसभा कोठरा (देऊडांड़ पकड़िया) के सिवान में स्थित कुएं पर पहुंचे। वहां कुएं के बाहर पड़ी चप्पलों की जोड़ी को देख लोग आवाक रह गए। कुएं में तलाशी के दौरान जानकारी मिली कि अंदर इंसान की लाश पड़ी है। इसकी सूचना शहर कोतवाली क्षेत्र के बलरामपुर चौकी प्रभारी अब्दुल वहीद को दी गई। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी ने कुएं से शव को बाहर निकालने के लिए अग्निशमन विभाग को जानकारी दी। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और किसी तरह शव को बाहर निकाला गया। मृतक की शिनाख्त महरूपुर ग्राम निवासी संतोष के रूप में की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना से मृतक की मां शांति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में शहर कोतवाल योगेंद्र बहादुर ¨सह का कहना है कि घर से लगभग 12 किमी दूर कुएं से किशोर का शव बरामद होना गले के नीचे नहीं उतर रहा है। इस मामले में पुलिस गहनता से छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment