आजमगढ़ : जिले के जहानागंज व बिलरियागंज थाना क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर हुए दो सड़क हादसों में अधेड़ महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। मुकामी पुलिस द्वारा दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। जहानागंज थाना क्षेत्र के नरेहथा गांव के पास शनिवार की सुबह हुई दुर्घटना में 56 वर्षीय महिला की मौत हो गई। नरेहथा ग्राम निवासी सुभागी देवी (56) पत्नी पतिराम राम शनिवार की सुबह खेत में धान की फसल काटने गई थी। सुबह करीब दस बजे महिला खेत से पैदल अपने घर की ओर जा रही थी। उसी दौरान वह सिंघपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आकर घायल हो गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बाइक सवार का पीछा किया लेकिन वह भागने में कामयाब रहा। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए चक्रपानपुर स्थित सुपर स्पेशलिटी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की एक विवाहितपुत्री बताई गई है। दुर्घटना के संबंध में मृतका पक्ष की ओर से थाने में अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसी क्रम में बिलरियागंज थाना क्षेत्र के परशुरामपुर सरैया बाजार के पास शुक्रवार की शाम आटोरिक्शा की चपेट में आकर स्थानीय बरना जगदीशपुर ग्राम निवासी पतिराम (52) पुत्र स्व. रामहित गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अधेड़ को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था कि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। दुर्घटना में मौत की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की कोई संतान नहीं बताई गई है।
Blogger Comment
Facebook Comment