शाहगढ़/आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गुजरपार के पास मंगलवार की देर शाम को साइकिल सवार किसान को बोलेरो ने धक्का मार दिया जिससें साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मौके से बोलेरो चालक फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार मुबाकरपुर थाना क्षेत्र के पाही गांव निवासी मृत श्याम दुलारे राजभर 52 पुत्र स्व.भग्गु राजभर मंगलवार की शाम को गूजरपार मुबारकपुर नगर में साइकल से टुल्लु पम्प की मरम्मत करने के लिए गया हुआ था। देर शाम को गूजरपार वापसी के समय रास्ते में हुसैनाबाद उदयभानपुर मोड़ के पास जीयनपुर की ओर से आ रही बोलेरो ने साइकिल सवार श्याम दुलारे को जोरदार टक्कर मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि श्याम दुलारे मूल रूप से मुबारकपुर थाना क्षेत्र के ही ग्राम पाही के निवासी हैं। करीब तीन वर्ष पूर्व गूजरपार गांव में मकान बना कर यहीं निवास कर रहे थे और खेतीबारी का कार्य कर परिवार की जीविका चलाते थे। परिवार में पत्नी रानी देवी, चार पुत्र, तीन पुत्रियां, जिनमें से दो पुत्रों व एक पुत्री की शादी हो चुकी है। घटना के बाद राहगीरों ने आनन फानन में मृतक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पा कर मृतक के परिवारीजन अस्पताल पहुंचे और उनकी शिनाख्त की। घटना के बाद से गांव में गम का माहौल है।
Blogger Comment
Facebook Comment