मेंहनगर: आजमगढ़ : मेहनगर थाना के बेनूपुर गांव में एक वृद्धा की गुरुवार की रात उसके पुत्र ने ही लाठी से पीट कर हत्या कर दी। मां द्वारा पुत्र के शराब पीकर घर आने का विरोध करने पर कलयुगी पुत्र ने घटना को अंजाम दिया। शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई तो सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने वृद्धा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं हत्यारा पुत्र मौके से फरार हो गया है। सूत्रों के अनुसार बेनूपुर गांव निवासिनी 73 वर्षीया राधिका देवी पत्नी स्व रामबचन सिंह घर पर अपने बड़े पुत्र रविंद्र व उसके दस वर्षीय पुत्रके साथ रहती थी। रविंद्र अत्यधिक शराब का सेवन करता रहता है। अक्सर ही वह नशे में धुत होकर घर पहुंचता था । बेटे की इस हरकत का मां राधिका देवी अक्सर ही विरोध करती थी। गुरुवार की रात भी रविंद्र नशे में धुत होकर घर पहुंचा और अपनी मां व बेटे को गालियां देने लगा। पुत्र के इस रवैये का मां राधिका देवी ने विरोध किया तो आवेश में आकर पास में रखे लाठी से मां की पिटाई शुरू कर दी। सिर पर प्रहार के चलते राधिक देवी की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद हत्यारा पुत्र घर से फरार हो गया। शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों को घटना की जानकारी तब हुई राधिका का 10 वर्षीय पोता रोते हुए घर के बाहर निकला। ग्रामीणों ने तत्काल सूचना पुलिस को दी। जिस पर मेंहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पीएम के लिए मर्चरी भेज दिया। वहीं घटना के बाबत मृतका राधिका देवी के पोते से पुलिस पूछताछ में जुटी है। नशेड़ी हत्यारा बेटा अभी भी फरार है।
Blogger Comment
Facebook Comment