.

क्राइम फाइल: बकाया मांगने पर मारा चाक़ू::दुर्घटना में नेत्रहीन युवक घायल.......

सिधारी : बकाया पैसा मांगने पर मारा चाकू

आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के देवराडीह गांव में शुक्रवार की रात उधार दी गई नकदी मांगने पर मनबढ़ युवकों ने एक युवक पर लाठी-डंडा व चाकू से प्रहार कर उसे घायल कर दिया। घायल रमेश (29) पुत्र रामचंद्र ने गांव के ही एक युवक को कुछ रकम उधार दिया था। शुक्रवार की शाम रमेश ने अपने रकम की मांग किया तो दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान रमेश के विपक्षी व उसके साथियों ने रमेश पर लाठी-डंडा व चाकू से प्रहार कर उसे घायल कर दिया। घायल युवक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

रानी की सराय: दुर्घटना में नेत्रहीन युवक घायल
आजमगढ़। रानी की सराय थाना क्षेत्र के सैदवारा बाजार के पास शुक्रवार की शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से नेत्रहीन युवक घायल हो गया। जिला अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। रानी की सराय कस्बा निवासी उमाशंकर चौरसिया (42) पुत्र बैजनाथ बचपन से नेत्रहीन है। शुक्रवार की शाम वह सैदवारा बाजार से पैदल अपने घर की ओर जा रहा था। रास्ते में वह किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल नेत्रहीन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जहर खाकर किशोरी सहित दो अचेत

आजमगढ़। अज्ञात कारणों से जहर निगल कर अचेत हुई किशोरी सहित दो लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मेंहनगर थाना क्षेत्र के एनवल ग्राम निवासी संतलाल की 16 वर्षीय पुत्री रोशनी शुक्रवार की शाम किसी बात से नाराज होकर जहर निगल ली। स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से रेफर कर दिए जाने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी क्रम में जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के गोधपट्टी ग्राम निवासी सुनील यादव (24) पुत्र उदयभान ने शुक्रवार की रात अज्ञात कारणों से नाराज होकर विषाक्त पदार्थ निगल लिया। हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उपचाराधीन दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

महाराजगंज : विद्युत चोरी में दो फंसे

आजमगढ़। महाराजगंज थाने में शुक्रवार को चोरी से विद्युत उपभोग करते पाए गए दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। स्थानीय विद्युत उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता अमित कुमार पांडेय की तहरीर पर क्षेत्र के मिश्रपुर ग्राम निवासी अतिउल्लाह एवं देवारा जदीद चकनायक निवासी झिनकू गुप्ता के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

बिलरियागंज : अवैध कब्जे के मामले में तीन के विरुद्ध रिपोर्ट

आजमगढ़। बिलरियागंज थाने की पुलिस ने ग्राम सभा में खलिहान तथा सार्वजनिक रास्ते पर कब्जा किए जाने के मामले में आरोपी तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सगड़ी तहसील क्षेत्र में कार्यरत लेखपाल अमरनाथ सेठ ने ग्रामसभा में खलिहान की भूमि पर कब्जा करने के आरोप में स्थानीय चांदपुर भटोरा ग्राम निवासी राजेंद्र व राजमणि के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। वहीं इसी गांव के श्यामबली के खिलाफ सार्वजनिक रास्ते पर कब्जा किए जाने के आरोप लगाया गया है। लेखपाल द्वारा नामजद तीनों आरोपियों के खिलाफ लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment