कहीं भी सड़कों, मार्गो, गलियों कूड़ा एकत्रित नहीं मिलना चाहिये- मंडलायुक्त
आज़मगढ़ :-- मण्डलायुक्त के. रविन्द्र नायक ने कहा है कि नगरीय क्षेत्रों को पूर्ण रूप से ओडीएफ(खुले में शौचमुक्त) करने हेतु सार्वजनिक स्थलों जैसे बस स्टैण्ड, टैक्सी स्टैण्ड, रिक्शा स्टैण्ड आदि के आसपास सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया जाये। उन्होंने रेलवे स्टेशन के बाहरी हिस्सों में भी शौचालय निर्माण के लिये रेलवे के अधिकारियों से तत्काल सम्पर्क करने का निर्देश दिया। मण्डलायुक्त श्री नायक ने अपने कैम्प कार्यालय में बुधवार को देर सायं स्थानीय निकायों में प्रधानमंत्री आवास योजना सम्पूर्ण स्वच्छ भारत मिशन अमृत योजना की प्रगति एंव निर्वाचन की तैयारियों का जायज़ा ले रहे थे। उन्होंने ओडीएफ के सम्बन्ध में कड़ा रूख अख्तियार करते हुए कहा कि नगरीय क्षेत्रों में खुले में शौच करने की किसी को अनुमति नहीं होनी चाहिये। ऐसा करने वालों को आगाह किया जाये कि खुले में शौच करते हुए प्रथम बार पाये जाने पर 100 रूपये तथा दूसरी बार पाये जाने पर 200 रूपये अर्थदण्ड लगाने का प्राविधान किया जाये। उन्होंने कहा कि इससे पहले इस व्यवस्था के सम्बन्ध में अभियान चलाकर सभी नागरिकों को सचेत करा दिया जाये तथा इस दौरान नागरिकों को शौचालय की वैकल्पिक व्यवस्था स्वयं करने हेतु आगाह कर दिया जाये। मण्डलायुक्त ने समस्त अधिशाषी अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगरीय निकायों में कार्यरत सभी सफाई कर्मचारियों को भी इस सिलसिले में आमजन को जागरूक करने हेतु अपने स्तर से निर्देशित करें, क्यों कि सफाई कर्मचारी इस व्यवस्था के व्यापक प्रचार प्रसार में महत्वपूर्ण भुमिका निभा सकते है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था का प्रचार महिलाओं में महिला सफाई कर्मचारियों तथा पुरूषों में पुरूष सफाई कर्मचारी के माध्यम से करायें। कूड़ा उठान एवं उसके निस्तारण के सम्बन्ध में सभी अधिशाषी अधिकारियों को सचेत किया कि कहीं भी सड़कों, मार्गो, गलियों कूड़ा एकत्रित नहीं मिलना चाहिये, यदि कहीं भी कूड़ा एकत्रित पाया जाता है तो सम्बन्धित ईओ को उसका ज़िम्मेदार मानते हुए सख्त कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी सफाई कर्मचारी या सफाई नायक को अन्य कार्य न सौपा जाये बल्कि सुनिश्चित किया जाये कि वे लोग नित्य प्रातःकाल ही सफाई में जुट जायें तथा कूड़े का तुरन्त उठान कर निश्चित स्थल पर उसका निस्तारण करें। श्री नायक ने कहा कि किसी भी दशा में सड़कों,मार्गो के किनारे कूड़े फेके हुए नहीं मिलने चाहिये। उन्होंने ओडीएफ की प्रगति धीमी पाये जाने पर नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए सभी ईओ को इसमें और तेज़ी लाने का निर्देश देते हुए तीनों जनपद के अपर ज़िलाधिकारी को इसकी लगातार मानिटरिंग करने पर ज़ोर दिया। मण्डलायुक्त के.रिवन्द्र नायक ने आज़मगढ़ एवं मुबारकपुर में डूडा(ज़िला नगरीय विकास अभिकरण) द्वारा निर्मित सार्वजनिक शौचालयों की अपेक्षित देखरेख, मरम्मत आदि में उदासीनता पाये जाने पर परियोजना अधिकारी डूडा को सख्त निर्देश दिया कि तीन दिन के अन्दर सभी का सर्वे कराले तथा उसकी मरम्मत आदि कराकर आमजन के लिये उपयोगी बनायंे। बैठक में बताया गया कि कतिपय निकायों मेें लाभार्थियों द्वारा शौचालय निर्माण की धनराशि प्राप्त करने के बाद भी निर्माण कार्य नहीं कराया गया है। मण्डलायुक्त श्री नायक ने इस पर जबरदस्त ऐक्शन लेते हुए निर्देशित किया कि ऐसे लोगों को 15 दिन के अन्दर शौचालय निर्माण कार्य अनिवार्य रूप से मुकम्मल कर लिये जाने का नोटिस जारी किया जाये, यदि निर्धारित अवधि में निर्माण कार्य नहीं कराये जाते हैं तो उनसे भू-राजस्व की भांति वसूली हेतु आरसी जारी करायी जाये। उन्होंने निर्देश दिया कि कूड़ा उठान हेतु जिस नगर पालिका/पंचायत में ट्राली नहीं है तो वे अवस्थापना मद से तत्काल क्रय करालें। इसके साथ ही उन्होंने सह भी कहा कि जिन निकायों ंमें अवस्थापना मद की धनराशि खर्च नहीं हुई है वे तत्काल कार्ययोजना बनाकर उसका सदुपयोग सुनिश्चित करें। उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों में फ्लश लगवाने के साथ ही सेफ्टी टैंक अनिवार्य रूप से बनवाये जाने पर बल दिया। मण्डलायुक्त श्री नायक ने आगामी त्योहारों जैसे दशहरा,मुहर्रम, दिपावली,डालाछठ आदि अवसरों पर साफ सफाई, चुना छिड़काव किये जाने पर ज़ोर देते हुए यह भी कहा कि के साथ ही छुट्टा पशुओं पर बराबर नज़र रखी जाये, किसी भी दशा में छुट्टा पशु विचरण करते हुए नज़र नहीं आना चाहिये। उन्होंने कहा कि मच्छरजनित रोगों एवं संक्रामक रोगों से बचाव हेतु दवाओं का छिड़काव एवं फागिंग का कार्य लगातार किये जाने का निर्देश देते हुए आगाह किया कि यदि इस कार्य में शिथिलता पाई गई तो सम्बन्धित ईओ किसी भी नहीं बख्शे जायेंगे। श्री नायक ने कहा कि त्योहारों पर निकलने वाले जुलूसों के मार्गों को साफ सुथरा रखा जाये तथा प्रकाश व्यवस्था भी सुदृढ़ की जाये। इस अवसर पर अपर आयुक्त राजेन्द्र कुमार, संयुक्त विकास आयुक्त हरिश्चन्द्र वर्मा, आज़मगढ़ एवं मऊ के अपर ज़िलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, बीके गुप्ता एवं मनीलाल, सहित तीनों जनपद के ईओ तथा परियोजना अधिकारी डूडा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Blogger Comment
Facebook Comment