.

सम्पूर्ण समाधान दिवस: जन समस्याओं का त्वरित, गुणवत्तायुक्त निस्तारण हो -मंडलायुक्त

आजमगढ़  05 सितम्बर 2017 -- मण्डलायुक्त के. रविन्द्र नायक ने जन समस्याओं के त्वरित, गुणवत्तायुक्त एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए है। उन्होने कहा है कि जन समस्याओं का वास्तविक निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाय। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नही होगी। जन समस्याओं का त्वरित निस्तारण शासन की प्रमुखताओं में से है। उक्त निर्देश मण्डलायुक्त ने सदर तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर दिए। उन्होने सम्पूर्ण समाधान दिवस में सभी सम्बन्धित अधिकारियों की उपस्थिति को अनिवार्य बताते हुए मत्स्य विभाग के अधिकारी की अनुपस्थिति को संज्ञान में लेते हुए उनके वेतन रोकने के निर्देश दिए। आयुक्त ने ए श्रेणी के निस्तारण पर बल देते हुए कहा कि शिकायतकर्ता के मोबाइल पर निस्तारण की स्थिति का पता किया जाय तथा भूमि विवाद के मामलों के निस्तारण हेतु राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर वास्तविक निस्तारण सुनिश्चित करें तथा निस्तारण के समय वहा उपस्थित दो गवाहों का हस्ताक्षर भी करायें। इस अवसर पर जिलाधिकारी चन्द्रभूषण सिंह ने कहा कि आवेदक अपने प्रार्थना पत्र पर अपना मोबाइल नम्बर अवश्य अंकित करें। यदि आवेदक द्वारा एक ही समस्या के लिए पुनः प्रार्थनापत्र दिया जाता है तो प्रपत्र में उसका भी उल्लेख करें। उन्होने वरासत के मामलों को वरीयता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश देते हुए अधिकारियों से कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस के प्रकरण को पंजिका में अंकित करें तथा उसमें निस्तारण की स्थिति भी स्पष्ट रूप से अंकित किया जाय। यदि किसी विधिक कारणों से निस्तारण में कठिनाई आती है तो उसका भी उल्लेख किया जाय। लेकिन जन समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर हों। इस अवसर पर कुल 255 मामले  आये जिसमें से 13 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष मामलों को सम्बन्धित अधिकारियों को सौपते हुए एक सप्ताह के अन्दर निस्तारण के निर्देश दिए गये। प्राप्त मामलों में राजस्व के 147, पुलिस के 34, विकास 10, समाज कल्याण के 2, शिक्षा के 2, स्वास्थ्य के 2 तथा अन्य 58 मामलें रहें। सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपरोक्त के अतिरिक्त मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक सिंह, एसपी सिटी सुभाष गंगवार, उप जिलाधिकारी सदर प्रशान्त कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 एसके तिवारी, अपर जिला सूचना अधिकारी अंजनी कुमार मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें।  

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment