आजमगढ़ : गुरूवार का दिन जिले के लिए सरगर्मी भरा रहा। हरैया और मार्टीनगंज ब्लाक में नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुखों को शपथ दिलाने के लिए मंच तैयार था। नोडल अधिकारी भी मौके पर थे लेकिन गैर जमानती वारंट के चलते ठाकुर मनोज सिंह ब्लाक तक नहीं पहुंचे, क्योकि एक दिन पहले उनके घर की गयी छापेमारी में खाली हाथ रही पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने के लिए ब्लॉक पर तैयार बैठी थी। वहीं हरैया में दुलारी देवी ने भव्य समारोह के बीच शपथ ली और क्षेत्र का विकास अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताई। बता दें कि दोनों ही सीटो पर 13 अगस्त को चुनाव हुआ था। हरैया में अविश्वास प्रस्ताव के बाद दुलारी देवी निर्विरोध निर्वाचित हुई थी। जबकि मार्टीनगंज में मनोज सिंह ने गौरव सिंह को पराजित कर जीत हासिल किया था। गौरतलब है की धोखाधड़ी के मामलो में ठाकुर मनोज के नाम मुक़दमे दर्ज होने पर समाजवादी पार्टी ने उनसे किनारा कर लिया था , इसके बाद मनोज ने ब्लॉक प्रमुख चुनाव लड़ा जहाँ उन्हें भाजपा के पूर्व सांसद रमाकांत यादव का समर्थन मिला और ठाकुर मनोज चुनाव जीत भी गए। लेकिन वाराणसी जनपद में एक मामले में गैर जमानती वारंट जारी होने पर पुलिस ने बुधवार को मनोज की तलाश में छापेमारी कर दी। गुरूवार को दोनों ही स्थानों पर शपथ ग्रहण समारोह रखा गया था। एक और हरैया में नोडल अधिकारी एसडीएम सगड़ी रविरंजन व खंड विकास अधिकारी द्वारा दुलारी देवी को पद और गोपनियता की शपथ दिलाई गयी। शपथ ग्रहण के बाद दुलारी देवी ने कहा कि क्षेत्र का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीँ मार्टिन गंज ब्लॉक पर शपथ ग्रहण समारोह का मंच सजा ,सारी व्यवस्था भी चकाचक थी , पूर्व सांसद भी अन्य आमंत्रित लोगों के साथ पहुंचे और मंचासीन हो गए। लेकिन वहीँ पर ठाकुर मनोज की तलाश में भारी संख्या में पुलिस भी मौजूद रही। शायद इसी के चलते ठाकुर मनोज मौके पर नहीं पहुंचे और उनका शपथ ग्रहण समारोह नहीं हो सका।
Blogger Comment
Facebook Comment