.

दीदारगंज : धारदार हथियार के हमले में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत

आजमगढ़: दीदारगंज थाना क्षेत्र के नौहरा गांव में मंगलवार को भूमि विवाद को लेकर पड़ोसियों के बीच धारदार हथियार से हुए संघर्ष में घायल युवक की बुधवार की देर रात वाराणसी ले जाने के दौरान मौत हो गई। वहीं घटना में घायल मृत युवक के बड़े भाई की भी हालत अभी गंभीर बनी हुई है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व में दर्ज मुकदमें में हत्या की धाराएं भी जोड़ दिया और शव को पीएम के लिए मर्चरी हाऊस भेज दिया। नौहरा गांव निवासी जंत्री व रामकेवल के बीच काफी समय से भूमि विवाद चला आ रहा है। विवादित भूमि पर स्थित बबूल के पेड़ को मंगलवार की सुबह रामकेवल का परिवार काट रहा था। जिसका जंत्री के परिवार के लोगों ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। रामकेवल पक्ष के लोगों ने कुल्हाड़ी व चाकू से जंत्री के परिजनों पर हमला बोल दिया। जिसमें जंत्री के पुत्र 27 वर्षीय बृजेश, 23 वर्षीय अंगद, 18 वर्षीय मंगल व 30 वर्षीया रेखा पत्नी रामसूरज घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी फूलपुर लाया गया। जहां डॉक्टरों ने बृजेश व अंगद की हालत गंभीर देख सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर से भी रेफर कर दिए जाने पर परिजन बृजेश व अंगद को जिला मुख्यालय स्थित प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराए। बुधवार की शाम अंगद की हालत गंभीर हुई तो प्राइवेट अस्पताल से उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर वाराणसी जा रहे थे कि अस्पताल पहुंचने के पूर्व ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर दीदारगंज थाने पर पहुंच गए। जहां घटना को लेकर पूर्व में दर्ज मुकदमें में हत्या की धारा भी पुलिस ने जोड़ दी और अंगद के शव को पीएम के लिए मर्चरी भेज दिया। बताया जाता है कि घटना में घायल मृत अंगद के बड़े भाई बृजेश की भी हालत गंभीर बनी हुई है। मृत अंगद अविवाहित था और चार भाईयों में चौथे नंबर पर था। उसकी दो बहने भी बताई गई है। अंगद की मौत से परिजनों में रोना-पीटना मच गया है। 

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment