आजमगढ़ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 26 अगस्त को बाढ़ क्षेत्र का प्रस्तावित दौरे से पूर्व ही गुरुवार को जिला प्रशासन बाढ़ को लेकर हरकत में नजर आया। बाढ़ क्षेत्र में जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह के साथ ही पुलिस अधीक्षक अजय साहनी ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। सगड़ी तहसील प्रशासन से बाढ़ पीड़ितों के बारे में जानकारी ली । बाढ़ पीड़ितों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शुक्रवार तक सभी को राहत सामग्री नहीं पहुंची,तो कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल गंगा गौरी महाबिद्यालय रामनगर बैजाबारी परिसर का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 अगस्त को सगड़ी तहसील में घाघरा की बाढ़ से प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करने आ रहे हैं। इसे लेकर बुधवार से ही जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दिया है। बुधवार को ही कलक्ट्रेट में कंट्रोल रूम खोलने के लिए साथ ही तीन अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। गुरुवार को जिलाधिकारी के साथ पुलिस अधीक्षक महुला-गढ़वल बांध के पास गंगा गौरी महाबिद्यालय रामनगर बैजाबारी परिसर में पहुंचे,जहां अधिकारियों के साथ बाढ़ राहत को लेकर समीक्षा की। जिलाधिकारी ने एसडीएम सगड़ी से हरैया और महराजगंज ब्लाक क्षेत्र में बाढ़ से घिरे गांवों की जानकारी ली। कितने परिवारों को अब तक राहत सामग्री पहुंची और कितने परिवारों तक नहीं पहुंची है। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने शिकायत की कि अभी बहुत से लोगों को खाद्यान्न और मिट्टी का तेल नहीं मिला है। इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम सगड़ी और तहसीलदार को निर्देश दिया शुक्रवार तक सभी पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री मिल जाना चाहिए। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर एडीएम प्रशासन लवकुश त्रिपाठी,एडीएम वित्त एवं राजस्व वीके गुप्ता, सीडीओ अभिषेक सिंह, डीएसओ आदि अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 26 अगस्त को बाढ़ क्षेत्र के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारी को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह और पुलिस अधीक्षक अजय साहनी ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। इस दौरान महुला-गढ़वल बांध से एक किमी. दूर रामनगर स्थित गंगा गौरी महाविद्यालय परिसर में हेलिपैड स्थल और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के आगमन पर जिला प्रशासन ने गंगा गौरी महाविद्यालय परिसर में राहत सामग्री पैकेट वितरण करने का कार्यक्रम निर्धारित किया है। परिसर में हेलिपैड बनाया जाएगा। गुरुवार को दोपहर लगभग 12 बजे जिलाधिकारी के साथ ही पुलिस अधीक्षक गंगा गौरी महाविद्यालय परिसर में पहुंचे। अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल और हेलिपैड के लिए चिन्हित स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को हर स्तर पर तैयारी करने का निर्देश दिया।
Blogger Comment
Facebook Comment