आजमगढ़ : निजामाबाद थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव निवासी एक व्यक्ति के घर में सोमवार की रात घुसे बदमाशों ने परिजनों को नशीला पदार्थ सुंघा कर लाखों का माल पार कर दिया। सुबह पड़ोसियों ने घर का दरवाजा खुला देखा तो आवाज दी। आवाज पर भी किसी के बाहर न आने पर कुछ ग्रामीण अंदर गए तो परिवार के सभी सदस्य बेहोश पड़े मिले । मुंह पर पानी आदि डालने पर उन्हे होश आया तो घर का हाल देख उनके होश उड़ गए। महिलाओं के शरीर पर के जेवरात के साथ ही घर में रखे ढाई लाख के जेवरात व पचपन हजार नकदी गायब थी। शिवराजपुर गांव निवासी सुफियान पुत्र अबरार मुम्बई में परिवार के साथ रहता है। दो दिनों पूर्व ही वह मुम्बई से गांव वापस लौटा था। सोमवार की रात परिवार की दो महिलाओं के अलावा सुफियान घर पर मौजूद था। खाना खाने के बाद परिवार के तीनों सदस्य सो रहे थे। देर रात घर की चाहरदीवारी कूद कर अंदर घुसे और फिर किसी तरह छत पर चढ़ गए। इसके बाद सीढ़ी से अंदर उतर आए। बदमाशों की संख्या तीन से चार बताई जा रही है। बदमाशों ने सो रही दोनों महिलाओं के साथ ही सुफियान को भी कोई नशीला पदाथ सुंघा दिया। जिससे वे बेहोश हो गए। इसके बाद दोनों महिलाओं द्वारा हाथ, नाक, कान व गले में पहने गए जेवरातों को बदमाशों ने उतार लिया। घर के आलमारी में रखे जेवरात भी निकाल लिए। इतना ही नहीं एक बाक्स में रखे पचपन हजार नकदी पर भी बदमाशों ने हाथ साफ कर दिया। जाते-जाते बदमाश सुफियान द्वारा मुम्बई से लाए गए सामान भरे बैग को भी उठा ले गए, जिसे अभी खोला तक नहीं गया था। इस बैग में भी हजारो के कीमती सामान व कपड़े आदि थे। लूट-पाट के बाद बदमाश घर का मुख्य दरवाजा खोल कर फरार हुए। सुबह पड़ोसियों की नजर सुफियान के दरवाजे पर पड़ी तो वह खुला हुआ था। लोगों ने सुफियान को आवाज दिया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इस पर कुछ युवक घर में गए तो पूरा परिवार बेहोश था। लोगों ने मुंह पर पानी आदि डाला तो उन्हें होश आया। घर का हाल देख कर पूरे परिवार का होश उड़ गया। तत्काल यूपी 100 पर सूचना दी गई। इसके साथ ही सुफियान ने निजामाबाद थाने पर पहुंच कर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दे दी। वहीं एसओ निजामाबाद का कहना है कि डकैती नहीं बल्कि चोरी की घटना हुई है। जिसकी जांच कराई जा रही है।
Blogger Comment
Facebook Comment