.

आज़ादी के पर्व पर होंगे विविध आयोजन, देश प्रेम और एकता की भावना सर्वोपरि -जिलाधिकारी

आजमगढ़ 13 अगस्त 2017 -- स्वतन्त्रता दिवस समारोह को उत्साहपूर्वक मनाने के लिए जिलाधिकारी चन्द्र भूषण सिंह ने बताया कि स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर प्रातः 6.30 बजे स्कूली बच्चों  द्वारा प्रभात फेरी निकाली जायेगी, जिसका संयोजन जिला विद्यालय निरीक्षक एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा किया जायेगा। प्रभात फेरी राजकीय बालिका इण्टर कालेज से डीएवी कालेज होते हुए पुनः राजकीय बालिका इण्टर कालेज पर समाप्त होगी। इस दौरान बच्चों द्वारा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जायेगा। समस्त सरकारी तथा गैर सरकारी भवनों पर प्रातः 8.00 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा तथा झण्डा अभिवादन के साथ ही राष्ट्रगान का भावपूर्ण गायन होगा। प्रतिज्ञा शपथ पत्र को दोहराये जाने का भी कार्यक्रम होगा। राष्ट्रीय एकता, अखण्डता, धर्म निरपेक्षता और साम्प्रदायिक सौहार्द की भावना पर बल दिया जायेगा। शिक्षण संस्थाओं में प्रातः 9.00 बजे ध्वजारोहण, राष्ट्रीय गान व शपथ ग्रहण कार्यक्रम सम्पन्न होगा। विद्यार्थियों  को स्वतन्त्रता संग्राम के साथ ही शहीदों एवं देश भक्तों के जीवन के प्रेरक प्रसंगों को बताया जायेगा जिससे राष्ट्रीय चेतना विकसित हो सकें। लघु नाटक, विचार संगोष्ठी तथा निबन्ध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जायेगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रात 11.30 बजे महिला चिकित्सालय में  बेबी शो का आयोजन किया जायेगा।
जिला क्रीडा अधिकारी द्वारा क्रासकन्ट्री दौड़ का आयोजन किया जायेगा। यह दौड़ आजमगढ़ स्टेडियम से प्रारभ्भ होगी तथा फैजाबाद मार्ग पर अनवरगंज जाकर पुनः स्टेडियम पर सम्पन्न होगी। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को पुरस्कृत किया जायेगा।
इस अवसर पर नागरिकों मे देश प्रेम व एकता की भावना जागृत करने के लिए मानव श्रृखला बनायी जायेगी। स्थानीय शिब्ली इण्टर कालेज में सार्वजनिक सभा का आयोजन किया जायेगा। जिसमें राष्ट्रीय एकता, अखण्डता, सामाजिक समरसता, के साथ ही प्रदुषण, जनसंख्या विस्फोट, स्वच्छ वातावरण आदि के सम्बन्ध में  चर्चा की जायेगी। समस्त सरकारी भवनों पर सांयकाल में  रोशनी का प्रबन्ध किया जायेगा। जिला मुख्यालयों के सरकारी भवनों का निरीक्षण जिलाधिकारी द्वारा किया जायेगा। जिनमें उत्कृष्ट रोशनी युक्त भवनों को चिन्हित कर आगामी मासिक बैठक में पुरस्कृत किया जायेगा।
जनपद/मण्डलीय कारागार में सास्कृतिक कार्यक्रम तथा रस्साकसी का आयोजन किया जायेगा। दिव्यांगों को ट्राइसाइकिल का वितरण तथा नगर पालिका परिषद आजमगढ़ एवं मुबारकपुर तथा समस्त नगर पंचायतों द्वारा मलिन बस्तियों की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी।  

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment