आजमगढ़ : दीदारगंज थाना क्षेत्र के नौहरा गांव में मंगलवार की सुबह भूमि विवाद को लेकर पड़ोसियों में जमकर मारपीट हो गई। मारपीट की इस घटना में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर कुल्हाड़ी व चाकू से हमला कर दिया। हमले में दूसरे पक्ष के चार लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी फूलपुर लाया गया। जहां दो की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। नौहरा गांव निवासी जंत्री व रामकेवल के बीच काफी समय से भूमि का विवाद चल रहा है। विवादित भूमि पर वर्तमान में जंत्री का कब्जा है। इस भूमि पर स्थित बबूल का पेड़ मंगलवार की सुबह रामकेवल के परिवार के लोग काट रहे थे। इसी दौरान जंत्री के पुत्र मौके पर पहुंचे और पेड़ काटने का विरोध करने लगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहा सुनी हुई और रामकेवल के परिवार के लोगों ने कुल्हाड़ी व चाकू से जंत्री के परिजनों पर हमला बोल दिया। इस घटना में जंत्री के पुत्र 27 वर्षीय बृजेश, 23 वर्षीय अंगद, 18 वर्षीय मंगल व 30 वर्षीया रेखा पत्नी रामसूरज घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी फूलपुर लाया गया। जहां डॉक्टरों ने बृजेश व अंगद की हालत गंभीर देख सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं घटना के बाबत पीड़ित पक्ष ने रामकेवल पुत्र भगेलू, आरती व साधना पुत्रीगण रामकेवल, मेवाती पत्नी रामकेवल व विजय व जय सिंह पुत्रगण रामकेवल के खिलाफ फूलपुर कोतवाली में तहरीर दे दी है।
Blogger Comment
Facebook Comment