.

भारत नेपाल बॉर्डर से छोड़ा गया पानी,उफान पर घाघरा ,संपर्क मार्ग पुन: डूबे

आजमगढ़ : सगड़ी तहसील में बाढ़ की विनाश लीला घाघरा के जलस्तर घटने के कारण जहाँ ठहरती नजर आ रही थी की शनिवार को सूचना मिली की भारत नेपाल बॉर्डर पर लखीमपुर खीरी जनपद स्थित शारदा बैराज से दो लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है , परिणाम स्वरुप घट रही नदी अब पुन: उफान पर है। पिछले 24 घंटे में 10 सेमी. जलस्तर और बढ़ने से पहले ही दो गेज पर खतरे के निशान से काफी उपर बह रही थी वहीँ नदी का पानी गांगेपुर गेज  खतरे के निशान पर पहुंच गया। जबकि, दो गेज पर पहले से ही नदी खतरे के निशान से काफी उपर बह रही है। अब घटाव से खाली हुए संपर्क मार्ग फिर डूब गए हैं।  घाघरा नदी के जलस्तर में पिछले तीन दिनों से घटाव का सिलसिला शुरू होते ही शुक्रवार रात में भारत-नेपाल की सीमा पर स्थित लखीमपुर खीरी स्थित शारदा बैराज और गिरिया बैराज से लगभग दो लाख क्यूसेक पानी घाघरा नदी में पास कर दिया गया। इससे घाघरा उफनने लगी है। गुरुवार तक नदी के गांगेपुर गेज से पानी हट गया था। शनिवार सुबह खतरे का निशान 73.00 मीटर पर पहुंच गया। उल्टहवा गेज पर शुक्रवार की शाम को 76.05 मीटर पर जल स्तर स्थिर रहा। शनिवार को 20 सेमी. और बढ़ाव दर्ज किया गया।  इसी तरह बदरहुआ गेज पर शुक्रवार को 72.16 मीटर और डिघिया गेज पर 71.32 मीटर पर स्थिर रहा। जबकि, शनिवार को दोनों गेज पर 10-10 सेमी. बढ़ाव दर्ज किया गया। नदी के घटने पर हैदराबाद, रोशनगंज और इस्माइलपुर संपर्क मार्ग बाढ़ से पूरी तरह से मुक्त हो जाने पर विस्थापित परिवार गांव की ओर लौटने की तैयारी में थे। बाढ़ से घिरे ग्रामीणों की राह आसान हो गई थी। अब शनिवार को अचानक नदी के उफन जाने से संपर्क मार्ग पुन: डूब गए। संपर्क मार्गों के डूब जाने से तीन दर्जन गांवों के ग्रामीणों की मुसीबत बढ़ गई है। ऐसे में आवागमन ठप होने से रोजमर्रा की चीजों के लिए मुसीबत उठानी पड़ रही है। बाढ़ खंड के एक्सईएन दीपक कुमार ने बताया कि शारदा बैराज से दो लाख क्यूसेक पानी पास होने से घाघरा बढ़ाव पर है। मगर दो दिन बाद घटने की संभावना है। 

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment