आजमगढ़ : सगड़ी तहसील के महराजगंज व हरैया ब्लाक के 90 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में हैं। यहां की नब्बे हजार की आबादी सीधे प्रभावित है। हालत ये है कि इन गांवों के दो दर्जन से अधिक परिषदीय स्कूल बंद हो गए हैं। शुक्रवार को देवारा खास राजा के कई पुरवों में घाघरा का पानी घुस गया। प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में महुला गढ़वल बांध से इन गांवों के लिए 190 नाव लगा दी हैं। सभी बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है। चक्की हाजीपुर व हैदराबाद गांव में भी पानी घुसने से लोगों ने गुरुवार को ही पलायन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बांध पर ही यहां-वहां अपना ठिकाना बनाना शुरू कर दिया है। उधर घाघरा लगातार बढ़ाव पर है। यहां बदरहुआ गेज पर नदी अपने अधिकतम स्तर पर पहुंचने की ओर लगातार अग्रसर है। बदरहुआ गेज पर नदी का जल स्तर शुक्रवार सुबह आठ बजे 10 सेमी बढ़कर 72.76 मीटर दर्ज किया गया। इस गेज का खतरा बिंदु 71.68 मीटर है। यहां अब तक का अधिकतम गेज सन् 1998 में 72.98 मीटर के रूप में दर्ज है।
Blogger Comment
Facebook Comment