.

कस्टम अधिकारी बन ठगों ने दूकान से 02 लाख के आभूषण उड़ाए

बिलरियागंज :आजमगढ़: थाना क्षेत्र के गोरिया बाजार में बुधवार की दोपहर को एक सराफा की दुकान पर कस्टम अधिकारी बनकर पहुंचे दो ठग सोने की पांच सिकड़ी समेत अन्य कागजात लेकर भाग गए। उक्त पांचों सिकड़ी की कीमत लगभग दो लाख से उपर की बतायी जा रही है। घटना से बाजार के व्यापारियों में दहशत व्याप्त है।
बिलरियागंज थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर गोरिया गांव निवासी घुरपत्तर सेठ पुत्र स्व. गुलाब सेठ की गोरिया बाजार में सोने चांदी के आभूषण की दुकान है। घुरपत्तर का कहना है कि बुधवार की दोपहर को लगभग पौने दो बजे महराजगंज की ओर से अपाची बाइक सवार दो व्यक्ति आकर उसकी दुकान के सामने रूके। सड़क के किनारे बाइक खड़ी करने के बाद दोनों व्यक्ति उसकी दुकान पर आए। उन्होंने अपने को कस्टम अधिकारी बताते हुए कहा कि तुम्हारे दुकान की शिकायत मिली है, उसी की जांच करने के लिए आए हैं। दोनों ने कस्टम अधिकारी का अपना परिचय पत्र दिखाया। दोनों सिर पर हैट लगाए थे और आव भाव से भी अधिकारी लग रहे थे। जिसके चलते घुरपत्तर दोनों ठगों के झासे में आ गया। दोनों व्यक्ति ने घुरपत्तर से आभूषण रखे बक्से की चाभी ले ली और स्वंय बक्सा खोलकर उसमें रखा सोने की पांच सिकड़ी निकाल लिए।  इसी के साथ ही दुकान का रजिस्ट्रेशन सार्टिफिकेट, पांचों सिकड़ी के खरीद की रसीद समेत अन्य कागजात ले लिए। रुपये व कागजात लेने के बाद दोनों व्यक्ति बाइक पर सवार होकर बिलरियागंज की ओर भाग गए। उनके जाने के बाद घुरपत्तर ने शोर मचाते हुए पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही सीओ सगड़ी सुधाकर सिंह, बिलरियागंज थानाध्यक्ष विजय प्रकाश यादव भी मौके पर पहुंच गए। पूछ ताछ करने के बाद पुलिस के अधिकारी वापस चले गए। पीड़ित घुरपत्तर ने पांचों सिकड़ी की कीमत दो लाख से अधिक का होना बताया है। उसने इस संबंध में दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दे दी है। 

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment