आज़मगढ़ 25 अगस्त -- मण्डलायुक्त के.रविन्द्र नायक ने कहा है कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं को पठन-पाठन के साथ ही उनकी रूचि के अनुसार खेलकूद का भी पर्याप्त समय दिया जाना चाहिये, ताकि वे शारीरिक एवं मानसिक रूप से सुदृढ़ हो सकें। मण्डलायुक्त श्री नायक गुरूवार को देर सायं रानी की सराय स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण कर रहे थे। उनके द्वारा निरीक्षण के दौरान उपस्थित छात्राओं से निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों एवं नोटबुक्स के वितरण की जानकारी करने पर अवगत कराया गया कि केवल एक-एक नोटबुक्स प्राप्त कराये गये हैं तथा पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध होने के बावजूद अभी तक वितरित नहीं की गयी हैं। इस पर उन्होनें नाराज़गी व्यक्त करते हुए ज़िला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रमोद यादव को निर्देशित किया कि पाठ्य पुस्तकों के साथ ही निर्धारित संख्या में नोटबुक्स भी तत्काल वितरित किया जाना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही विद्यालय प्रांगण में रखे सोलर पैनल के बारे में जानकारी करने पर अवगत कराया गया कि सम्पूर्ण धनराशि दिये जाने के बावजूद सम्बन्धित विभाग द्वारा अभी तक सोलर लाईट्स की स्थापना नहीं की गयी है। मण्डलायुक्त श्री नायक ने इसे गम्भीरता से लेते हुए एडी बेसिक योगेन्द्र कुमार सिंह को निर्देश दिया कि सम्बन्धित विभाग को कार्य पूरा करने हेतु दो दिन का समय दिया जाये, यदि इस दौरान कार्य पूर्ण नहीं कराया जाता है तो सम्बन्धित विभाग के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करायी जाये। मण्डलायुक्त के.रविन्द्र नायक उपस्थित छात्राओं से खाने के बारे में पूछा तो बताया गया कि मीनू के अनुसार भोजन प्राप्त होता है। खेलकूद के बारे में बताया गया कि कबड्डी, वालीबाल, खो-खो आदि खेल सुविधायें उपलब्ध हैं, छात्रायें अपनी रूचि के अनुसार खेलों में प्रतिभाग करती हैं। मण्डलायुक्त ने छात्राओं की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए एडी बेसिक को निर्देश दिया कि लंच के समय में वृद्धि करते हुए प्रतिदिन दोपहर 1.30बजे से 2.30 बजे तक लंच के साथ खेलकूद के लिये समय का निर्धारण करें। श्री नायक ने विद्यालय के सामने लाॅन में काफी मात्रा में कंकड़ पाये जाने पर निर्देश दिया कि लाॅन की मिट्टी खोदवाकर दूसरी मिट्टी डालें तथा उसमें घास भी लगवायें, ताकि खेलते समय छात्राओं को चोटिल होने से बचाया जा सके। निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापिका शकुन्तला कुमारी मौके पर नहीं थीं, जिनके बारे में सहायक अध्यापिका सविता यादव द्वारा अवगत कराया गया कि दवा लेने गयी हैं, तथा यह भी अवगत करया गया कि विद्यालय में कुल 95 छात्रायें अध्य्यनरत हैं,जिसमें अधिकांश छात्रायें स्कूल में ही रहती हैं, हरितालिका व्रत (तीज) का अवकाश होने के कारण कुछ छात्रायें घर गयी हुई हैं, मौके पर 46 छात्रायें मौजूद पायी गयीं। मण्डलायुक्त श्री नायक ने सिकरूम के मुआयने के दौरान निर्देश दिया कि छात्राआं को टीवी पर केवल न्यूज़ ही नहीं बल्कि सप्ताह में कम से कम दो बार फीचर फिल्म भी दिखायी जाये। उन्होनें प्रत्येक शौचालयों में फ्लश लगवाने तथा टायलट् गैलेरी में इक्जास्ट फैन लगवाने का भी निर्देश दिया। उन्होनें रसोई घर का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिया कि मसालों को डब्बों के बजाय पैकेट में ही रखा जाये। उन्होनें इस दौरान तैयार भोजन की भी जाॅच की तथा चावल की क्वालिटी में और सुधार लाने का निर्देश दिया।
Blogger Comment
Facebook Comment