.

सीएम ने बाढ़ पीड़ितों का बांटा दर्द,आपदा प्रबंधन पर दिया जोर,बगैर भेद भाव राहत कार्य के निर्देश दिए





आजमगढ़ 26 अगस्त 2017 -- आजमगढ़। जिले के बाढ़ प्रभावित इलाको का यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को दौरा किया और पीड़ितों में राहत सामग्री बांटी। इस दौरान सीएम ने उपस्थित जनता से कहा कि राज्य के पच्चीस जिले बाढ़ से प्रभावित हैं और मैं उनका हाल जानने के लिए निकला हूं। राज्य सरकार ने पीड़ितों की मदद के लिए पर्याप्त राहत सामग्री पहले की प्रभावित जिलों में उपलब्ध करा दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ के दौरान मृत धरमा देवी बसन्तपुर निवासी के आश्रित मंहगू को 4 लाख रूपये तथा सोनौरा निवासी मृतक राम नयन के पुत्र चन्द्रभूषण, जीत बहादुर तथा फूलबदन को संयुक्त रूप से 4 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए मृतक एवं बाढ़ पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त किया। उन्होने गंगा गौरी महाविद्यालय निकट रामनगर कुकरौछी, तहसील-सगड़ी में बने बाढ़ शिविर में हरिकेश, सीताराम, जगदीश, अरूण, अनुरूद्ध, जय सिंह, राज किशोर, अजीत यादव, अभिषेक, अखिलेश, रामदरस, जितेन्द्र सहित कुल 25 व्यक्तियों को मंच पर राहत सामग्री वितरित किया। उन्होने कहा कि यह एक प्राकृतिक आपदा है और हम इसे नियन्त्रित नही कर सकते परन्तु इससे होने वाले जान-माल नुकसान को बेहतर आपदा प्रबन्धन से कम कर सकते हैै। उन्होने बताया कि 25 जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों को बाढ़ राहत पहुॅचाने के लिए निर्देश दे दिए गये है। उन्होने कहा कि बाढ़ से बचाव के लिए दीर्घकालीन नीति बनायी जायेगी। इसके लिए प्रधानमंत्री जी भी काफी चिन्तित हैै। वास्तव में नेपाल से आने वाले पानी के कारण घाघरा, शारदा, गण्डक में बाढ़ आती है। इस सम्बन्ध में नेपाल सरकार से बात हो रही है। उन्होने कहा कि स्थानीय प्रशासन एवं जन-प्रतिनिधियों तथा नागरिकों का यह दायित्व है कि बाढ़ से पीड़ित व्यक्ति के बारे में सोचे एवं कार्य करें। इनकी सक्रियता से राहत तेजी से पहुॅचाया जा सकता हैै। इसी सिलसिलें में मैं स्वंय भी इन जिलों मे जा रहा हूॅ। उन्होने कहा कि बाढ़ के दौरान पीड़ित व्यक्तियों को राहत पहुॅचाने में परम्परा को बदला है। बाढ़ में डूब कर मरने वाले व्यक्ति के आश्रित को 4 लाख रू0 तथा पक्का मकान ढहने पर 95,100 रू0 सम्बन्धित के खाते में डाला जायेगा। कच्चा मकान गिरने पर नकद धनराशि देने के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना में उसका चयन किया जायेगा। उन्होने कहा इसके अलावा एक मध्यम परिवार के लिए पर्याप्त खाद्य सामग्री जिसमें 10-10 किलो चावल, आटा, आलू के साथ रिफाइन्ड आयल, मसर्टड आयल , नमक आदि का पैकेट दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनपद में एक प्रभारी मंत्री की नियुक्ति करके स्पष्ट कहा गया है कि वहां जाकर राहत कार्य की जो भी आवश्यकता है करे और देखे और आम जनमानस तक बगैर भेद भाव के राहत कार्य पहुंचे। इसके लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है और सभी अधिकारियों को सभी लोगों को पूरी मुस्तैदी से लगाया भी गया है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment