.

अतरौलिया:जेसीबी से पोखरे की खुदाई,भड़के प्रमुख सचिव ने प्रधान पर मुक़दमे का निर्देश दिया

आजमगढ़ : प्रमुख सचिव ऊर्जा आलोक कुमार ने शनिवार को अतरौलिया विकास खंड क्षेत्र के गनपतपुर ग्रामसभा में विकास कार्यों का सत्यापन किया। गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की परेशानियों से रूबरू हुए और अधिकारियों को कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसी के साथ ही गांव में जेसीबी से पोखरे की खुदाई कर मनरेगा के तहत प्रधान द्वारा भुगतान कर लिए जाने का मामला पाए जाने पर वे भड़क उठे। प्रमुख सचिव ने इस मामले की जांच कर सीडीओ को मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया। दो दिवसीय जिले के दौरे के क्रम में शनिवार सुबह प्रमुख सचिव ऊर्जा आलोक कुमार विकास कार्यों का सत्यापन करने के लिए गनपतपुर ग्रामसभा पहुंचे। स्थलीय निरीक्षण कर उन्होंने विकास कार्यों का सत्यापन किया। इसके बाद गांव में ही चौपाल लगाकर एक-एक ग्रामीणों से उनकी समस्याएं सुनीं। चौपाल के दौरान सर्वाधिक शिकायतें हैंडपंपों से दूषित पानी निकलने, राशन कार्ड मे आनलाइन सूची में नाम छूटने, पात्र पेंशन धारकों का पेंशन बंद होने, शौचालयों एवं प्रधानमंत्री आवास की कमी संबंधित शिकायतें ग्रामीणों ने बतायी। ग्रामीणों की परेशानियों से रूबरू होने के बाद उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सूची बनाकर त्वरित कार्रवाई किए जाने का निर्देश दिया। प्रमुख सचिव ने स्थलीय निरीक्षण के दौरान पाया कि हैंडपंपों की स्थिति ठीक नहीं है।
ग्राम प्रधान द्वारा मारकंडे मिश्र के घर के पास की गई पोखरे की खुदाई जेसीबी से कराकर मनेरगा के तहत उसका भुगतान करा लिए जाने का मामला पाए जाने पर प्रमुख सचिव भड़क गए। उन्होंने सीडीओ अभिषेक सिंह को बुलाकर गांव का मस्टरोल निकलवाकर मामले की जांच कराए जाने व दोषी ग्राम प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने का निर्देश दिया। गांव के स्थलीय निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव के साथ सीडीओ अभिषेक सिंह, इंद्रभान तिवारी, तहसीलदार अंबिका चौधरी, सीओ शिवनाथ गुप्त, वीडीओ विजय कुमार पांडेय, विद्युत उपखंड अधिकारी चन्द्रेश उपाध्याय, डॉ. शिवाजी सिंह, गिरजेश यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे। 

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment