आजमगढ़: जिले में क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष पद की दो सीटों के लिए हुए उप चुनाव में गहमा गहमी के बीच क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने ब्लाक प्रमुख का चुनाव किया। मार्टीनगंज में ठाकुर मनोज सिंह ने भारी जीत हासिल की तो हरैया में दुलारी देवी निर्विरोध निर्वाचित हुई। चुनाव के दौरान मार्टीनगंज में भाजपा के पूर्व सांसद रमाकांत की मौजूदगी चर्चा का विषय रही। ठाकुर मनोज की जीत में इनकी बड़ी भूमिका मानी जा रही है। बता दें कि मार्टीनगंज क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष सीट ब्लाक प्रमुख सौरभ सिंह की दुर्घटना में निधन से खाली हुई थी। यहां सौरभ सिंह के छोटे भाई गौरव सिंह मोनू मैदान में थे। वहीं गौरव के खिलाफ ठाकुर मनोज सिंह मैदान में उतरे थे। दोनों के बीच दिलचस्प लड़ाई की अटकले लगाई जा रही थी। माना जा रहा था कि गौरव सिंह को सहानुभूति का भी लाभ मिलेगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। रविवार को मतगणना के बाद जब परिणाम की घोषणा हुई तो ठाकुर मनोज सिंह को विजेता घोषित किया गया। मार्टीनगंज ब्लाक में कुल 97 बीडीसी थे लेकिन मतदान के एक दिन पहले एक क्षेत्र पंचायत सदस्य का निधन हो गया था। रविवार को 96 सदस्यों ने मतदान में हिस्सा लिया। इसमें ठाकुर मनोज सिंह 56 क्षेत्र पंचायत सदस्यों का समर्थन हासिल कर विजयी रहे। वहीं गौरव सिंह को मात्र 32 मत मिला। आठ मत अवैध घोषित किया गया। वहीं हैरैया ब्लाक में क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष की सीट भाजपा समर्थित क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाने से खाली हुई थी। यहां भाजपा के लोगों ने दुलारी देवी को मैदान में उतारा था। इनके खिलाफ किसी प्रत्याशी ने नामाकंन नहीं किया। जिसके कारण इन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
Blogger Comment
Facebook Comment