आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खुझिया बाजार के पास बुधवार की शाम करीब 5 बजे आटोरिक्शा व बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर के बाद अनियंत्रित आटोरिक्शा पलट गया। इस दुर्घटना में आटो सवार दंपति सहित सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। जहानागंज थाना क्षेत्र के सुहवल ग्राम निवासी आधा दर्जन लोग जिला मुख्यालय पर अपना काम निपटा कर आटोरिक्शा से मऊ जिले के मोहम्मदाबाद कस्बा जा रहे थे। शाम करीब 5 बजे खुझिया बाजार के पास सठियांव मार्ग की ओर से आ रही बाइक आटो से टकरा गई। टक्कर के बाद अनियंत्रित आटोरिक्शा पलट गया। इस दुर्घटना में आटो व बाइक सवार सात लोग घायल हो गए। घायलों में विनोद (44), उसकी पत्नी मीरा देवी (42), पुत्री पिंकी (20), पुष्पा देवी (42) जीउत (60) तथा उसकी पत्नी मीरा देवी (55) सभी निवासी ग्राम सुहवल थाना जहानागंज बताए गए। जबकि बाइक सवार सुरेंद्र राजभर (42) मऊ जिले के कोपागंज कस्बे का निवासी बताया गया है। दुर्घटना के वक्त बाइक सवार युवक किसी कार्यवश जिला मुख्यालय की ओर आ रहा था। सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
Blogger Comment
Facebook Comment