देवगांव: आजमगढ़ लालगंज तहसील क्षेत्र के बसही तथा जेहतमंदपुर ग्राम सभा के संयुक्त पोखरे के पट्टे को लेकर विरोध में शुक्रवार को सैकड़ों लोगों ने एसडीएम लालगंज को एक शिकायत पत्र सौंपा। ग्रामसभा बसही तथा जेहतमंदपुर के लोगों का आरोप है कि इसका पट्टा कर दिए जाने से एक ओर जहां नहर तथा बरसात के पानी की निकासी रुक जाएगी वहीं दूसरी ओर इससे किसानों को भारी क्षति होगी। सीमा निर्धारण किए बगैर की गई पट्टे की इस कार्रवाई पर भी लोगों ने नाराजगी व्यक्त की। उल्लेखनीय है कि ग्रामसभा बसही का मि. 53 तथा जेहतमंदपुर का मि. 462 नंबर का पोखरा संयुक्त रुप से एक ही में है तथा इसी से होकर उदंती नदी भी मिली है। इसी से लोग सिंचाई आदि करते हैं। इसका पट्टा कर दिए जाने के परिणाम स्वरुप लोगों को जहां सिंचाई के पानी के लिए परेशान होना पड़ेगा वहीं दूसरी ओर पानी रुक जाने से धान की फसल गल जाएगी तथा गेहूं की बुआई में काफी विलंब होगा। शुक्रवार को जेहतमंदपुर निवासी शब्बीर अहमद तथा बसही निवासी कयामुद्दीन के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने एक ज्ञापन एसडीएम लालगंज को देकर मांग की कि एक जुलाई को बसही ग्राम प्रधान सिद्दीका सालेह के पति मोहम्मद सालेह पुत्र सुफियान ने किसी अन्य को बोली बोलने भी नहीं दिया तथा गांव में कहार अनुसूचित जाति के पात्र व्यक्ति को भी बोली में शामिल नहीं होने दिया गया। इसके अतिरिक्त कहा गया है कि मत्स्य पालन करने से इलाके में जलजमाव होगा। अत: आराजी नंबर 53 मौजा बसही की नीलामी को स्वीकृत करने से पूर्व मौके का निरीक्षण किया जाये और प्रार्थीगण को सुनकर अगली कार्रवाई की जाये तथा वर्तमान नीलामी को निरस्त किया जाये। इस अवसर पर मुख्य रूप से हाफिज इरफान,मोहम्मद मंसूर ग्राम प्रधान जेहतमंदपुर,जाहिद अहमद,हिटलर,मोहम्मद साकिब,अलीमुद्दीन,अब्दुल कयूम,शकील अहमद, अबू बकर,इमामुद्दीन,मोहम्मद शोएब आदि प्रमुख रुप से उपस्थित थे। इस संबंध में पूछे जाने पर एसडीएम लालगंज ने कहा इस पट्टे की जांच की जा रही है तथा समय पर सही निर्णय लिया जाएगा।
Blogger Comment
Facebook Comment