आजमगढ़: महाराष्ट्र प्रांत में खुद को सपा को एमएलसी बताकर आठ करोड़ से अधिक की ठगी के आरोपी आजमगढ़ के रहने वाले ठाकुर मनोज सिंह ने सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव के बयान के बाद सोशल मीडिया पर पलटवार किया है। मनोज सिंह ने सदस्यता की पर्ची पोस्ट कर कहा है कि मै सपा का सदस्य था और रहुंगा। इस पोस्ट के बाद ठाकुर मनोज और समाजवादी पार्टी फिर चर्चा में है। अब कौन सही बोल रहा है कौन झूठ यह तो जांच का विषय है लेकिन राजनीतिक घमासान फिर बढ़ गई है। कारण कि इसके पूर्व मनोज सिंह की पूर्व सीएम अखिलेश यादव व पूर्व मंत्री के साथ मंच साझा करते हुए तस्वीर वायरल हो चुकी है। बता दें कि ठाकुर मनोज को मुंबई की आर्थिक अपराध शाखा ने 18 मई को गिरफ्तार किया था। मुंबई आर्थिक अपराध शाखा के मुताबिक यहां वह खुद को सपा का उत्तर प्रदेश का एमएलसी बताता था। ठाकुर मनोज सिंह मुंबई में मुख्यमंत्री कोटे से लोगों को घर दिलाने का झासा देकर आठ करोड़ रूपये से अधिक की ठगी की थी। उनकी गिरफ्तारी के चार दिन बाद ही कानपुर शहर के आवास विकास कालोनी निवासी अशोक कुमार यादव ने मनोज के खिलाफ दीदारगंज थाने में वर्ष 2015 में मेडिकल में प्रवेश दिलाने के नाम पर उससे 38 लाख रुपए ठगी करने का आरोप लगाते हुए मामला पंजीकृत कराया था। इसके बाद सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने प्रेस को बयान जारी किया था कि ठाकुर मनोज का सपा से कोई लेना देना नहीं है। वह सपा का सदस्य नहीं है। रविवार को ठाकुर मनोज सिंह ने अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट किया कि मैं हूं समाजवादी पार्टी का आजीवन सदस्य। कई लोग कहते हैं कि मैं समाजवादी पार्टी का सदस्य नहीं हूं यह है इसका प्रमाण। मैने विरोधियों की बातों पर ध्यान नहीं दिया तो कुछ ज्यादा ही बोलने लग गये वे लोग। इसके साथ उन्होंने सदस्य पर्ची और 20 हजार रूपये की रसीद भी पोस्ट किया है। ठाकुर मनोज की इस पोस्ट के बाद एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। कई लोगों ने इस पोस्ट पर कमेंट भी किया है। ठाकुर मनोज ने दावा किया है कि वे जल्द ही सारे सुबूतों के साथ प्रेस कांफ्रेस करेगे। लोगों को अब इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी की प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा है।
Blogger Comment
Facebook Comment