आजमगढ़ : प्रदेश सरकार ने किसानों का कर्ज माफ कराने की घोषणा कर रखी है। इसके लिए प्रदेश सरकार ने बैंकों को किसी प्रकार की नोटिस न जारी करने का निर्देश दिया है। वहीं, भूमि विकास बैंक की जीयनपुर शाखा के लोगों ने मंगलवार को एक लाख के कर्जदार किसान को पकड़ लिया और जेल भेज दिया। इस कार्रवाई से किसानों में हड़कंप है। सगड़ी तहसील क्षेत्र के महुला गांव निवासी अशोक राय पुत्र सदानंद राय ने वर्ष 2008 में भूमि विकास बैंक की जीयनपुर शाखा से एक लाख का लोन लिया था। कर्ज माफी के चक्कर में वह कर्ज अदायगी नहीं कर रहा था। कर्ज अदायगी के लिए बैंक के कर्मचारी कई दिनों से अशोक की गिरफ्तारी के फिराक में थे। मंगलवार की सुबह दस बजे के लगभग अशोक राय को बैंक कर्मियों ने बाजार में देखा और जबरन गाड़ी में बैठा कर तहसील लेकर चले गए। इस बाबत बैंक मैनेजर ने कहा कि कर्ज माफी के बारे में सरकार जाने। पकड़े गए व्यक्ति ने बैंक से कर्ज लिया है और अब तक वापस नहीं किया है तो हम ऐसे लोगों को पकड़ेंगे ही। अशोक राय ने फसली ऋण नहीं लिया था। उसने मुर्गी फार्म खोलने के नाम पर कर्ज लिया था। बैंक की कार्रवाई से किसानों में हड़कंप मच गया है। उन्हें डर है कि कर्ज माफी के इंतजार में कहीं उन्हें जेल की हवा न खानी पड़े।
Blogger Comment
Facebook Comment