.

पर्यावरण दिवस:पूर्व संध्या पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर के साथ वृक्षारोपण भी किया

आजमगढ़ : विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर 4 जून, रविवार को बाल रोग विशेषज्ञ डॉ डी डी सिंह ने अपने गाँव छपरा सुल्तानपुर पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर के साथ ही साथ वृक्षारोपण भी किया। डॉ डी. डी. सिंह ने कहा कि वृक्षारोपण महान कार्य है, इससे सारे समाज को लाभ मिलता है। वृक्ष हमारी धरती के आभूषण हैं। ये हमें धूप और धूल से तो बचाते ही हैं, साथ ही साथ छाया भी प्रदान करते हैं। पर्यावरण को शुद्ध करने का कार्य भी इन्ही के द्वारा होता है। वृक्ष हमें ग्लोबल वार्मिंग से बचाते हैं। 100% शुद्ध हवा देते हैं। मानसून को समय से लाने का कार्य करते हैं। ऑक्सीजन उत्पन्न करते हैं। जलवायु को बेहतर बनाते हैं। ध्वनि अवशोषक होते हैं। भोजन और फल उत्पन्न करते हैं।
डॉ डी. डी. सिंह ने बताया कि पिछले साल पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा ने वाराणसी के तुलसी घाट पर मुझे सम्मानित किया था, जिसके फलस्वरूप पर्यावरण के प्रति मेरी जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। डॉ सिंह ने अपने यहाँ आने वाले हर मरीज से कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने का अनुरोध भी किया।
डॉ सिंह के शिक्षक पिता श्री धर्मदेव सिंह ने वृक्ष की उपयोगिता बताते हुए कहा कि 'वृक्ष कबहु नहिं फल भखै, नदी न संचै नीर। परमारथ के कारने, साधुन धरा शरीर।' अर्थात वृक्ष अपने हर रूप में हमारी मदद ही करते हैं। इस अवसर पर धर्मदेव सिंह, उदयभान सिंह, मुरली धर सिंह, सत्य नारायण सिंह, सूर्य प्रकाश सिंह, अंशुमन आदि लोग उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment