.

बरदह : कब्रिस्तान में शव दफनाने को लेकर हुआ विवाद,प्रशासन मौके पर

आजमगढ़: बरदह थाना क्षेत्र के महुजा नेवादा गांव में कब्रिस्तान में शव दफनाने को लेकर गुरुवार की सुबह करीब 7.30 बजे दो पक्ष आमने सामने हो गए। सूचना पाकर पुलिस फोर्स के साथ तहसील प्रशासन के लोग पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने के प्रयास में जुट गये। समाचार लिखे जाने तक पंचायत चल रही थी।  
क्षेत्र के महुजा नेवादा गांव के इस्माइल उर्फ बरसातू (60) पुत्र मुस्तफा की बुधवार की रात बीमारी के कारण मौत हो गई। परिजन गांव वालों के साथ शव को दफनाने के लिए गांव के बाहर कब्रिस्तान में कब्र खोदने की तैयारी कर रहे थे। तभी गांव के ही रणजीत उर्फ डब्बू राजभर पुत्र शिवकुमार ने इसका विरोध करने लगा और आरोप लगाया कि गाटा संख्या 498 जिसमें कब्र की खुदाई की जा रही है, वह विवादित है। पंचायत के बाद भी कोई नतीजा नहीं निकल पाया तो मृतक के परिजनो ने इसकी सूचना तहसील प्रशासन को दिया। मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी मार्टीनगंज कपिलदेव यादव, तहसीलदार शिवसागर दूबे, नायब तहसीलदार अरूण कुमार यादव ने पुलिस बल के साथ दोनों पक्षों को समझाया कि विवादित स्थान पर कोई कब्र नहीं खोदी जायेगी दूसरी जगह पर कब्र खोदने का आदेश दिया। साथ ही चेताया कि जब तक कोर्ट से कोई आदेश नहीं आता है तब तक दोनों पक्ष यथास्थित बनाये रखें। समाचार लिखे जाने तक शव को दफनाया नहीं जा सका था। मौके पर बरदह थाने की पुलिस व सर्किल लेखपाल और कानूनगो उपस्थित थे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment