.

सड़क हादसों में भाई के साथ मायके जा रही महिला समेत दो की मौत

आजमगढ़: भाई और बच्‍चों के साथ मायके जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत हो गयी। जबकि एक अन्‍य हादसे में मवेशी लदे पिकअप ने साइकिल सवार अधेड़ को रौद दिया। दोनों शवों को पोस्‍टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सड़क हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रक व पिकअप वाहन को पुलिस ने कब्‍जे में ले लिया है। सरायमीर थाना क्षेत्र के शाहपुर ग्राम निवासी अशोक यादव की पत्नी इंदिरा देवी (42) का मायका गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सैदमुइयां गांव में स्थित है। महिला के मायके में आगामी 6 जून को उसके भाई गुलाबचंद यादव की पुत्री की शादी सुनिश्चित है। गुरुवार को गुलाबचंद अपनी बहन को लेने उसके घर आया था। शुक्रवार को दिन में इंदिरा देवी अपने भाई अशोक तथा तीन वर्षीय पुत्र अभिषेक तथा 10 वर्षीय पुत्री गुंजन के साथ बाइक पर बैठ कर मायके जाने के लिए घर से रवाना हुई। दिन के करीब 12 बजे सभी सरायमीर कस्बे से गुजर रहे थे। उसी दौरान फूलपुर की ओर से आ रहे ट्रक ने थाना मोड़ के पास बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। भाई पर पीछे बैठी महिला सड़क पर गिरी और ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे के दौरान बाइक सवार दोनों बच्चे व चालक बाल बाल बच गए। दुर्घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी सरायमीर ने दुर्घटना के बाद भाग रहे ट्रक के बारे में वायरलेस से सूचना प्रसारित की। उस दौरान जिला मुख्यालय की ओर जा रहे क्षेत्राधिकारी फूलपुर एसके सिंह ने संजरपुर के समीप दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ट्रक को चालक सहित कब्जे में ले लिया। उधर घायल महिला को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हादसे से मृतका की ससुराल और मायके में कोहराम मचा हुआ है। मृतका के एक पुत्र व दो पुत्री बताए गए हैं। इसी क्रम में जहानागंज थाना क्षेत्र के नारे हत्था ग्राम निवासी 55 वर्षीय रामनाथ राम पुत्र स्वर्गीय चतुरी का दिल्ली में सब्जी का व्यवसाय है। व्यवसाय को पुत्रों द्वारा संभाल लिए जाने पर रामनाथ इन समय अपने घर पर रह रहा था। शुक्रवार की सुबह रामनाथ घर से साइकिल लेकर चक्रपानपुर बाजार आया था। बाजार में जलपान करने के बाद वह साइकिल से घर के लिए चला। बाजार से बाहर निकलते ही सिंहपुर की ओर से आ रहे मवेशी लदे पिकअप वाहन की चपेट में आकर वह घायल हो गया। हादसे के बाद पिकअप वाहन चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल रामनाथ को स्थानीय सुपर फैसिलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के दो पुत्र व दो पुत्री बताए गए हैं। हादसे में पति की मौत से मृतका की पत्नी शीतला देवी की हालत अर्धविक्षिप्त जैसी हो गई है। 

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment