आजमगढ़ :सीएम योगी आदित्यनाथ के आजमगढ़ आगमन पर गुरूवार को जिला मुख्यालय पूरी तरह अभेद किले में तब्दील नजर आयेगा। इसके लिए बाहर से फोर्स बुलाई गई है। चप्पे चप्पे पर खाकी नजर आयेगी। वहीं कार्यालयों में छोटी छोटी कमियों को भी दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। डीएम सुबह से ही अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे है। वहीं पुलिस महकमा सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद बनाने में जुटा है। बता दें कि योगी आदित्यनाथ सीएम बनने के बाद पहली बार 25 मई को आजमगढ़ आ रहे हैं। मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर मंडल के अन्य जिलों से भी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की फौज जनपद में पहुंच चुकी है। भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी को देखते हुए यह कहा जा सकता है कि जनपद में 5 घंटे मुख्यमंत्री के प्रवास दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस की निगहबानी रहेगी। सुरक्षा के बाबत की गई तैयारी के बारे में बताते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एसके सिंह ने कहा कि जनपद के पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ ही मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए पड़ोसी जनपदों से भी फोर्स मंगाई गई है। गैर जनपद से बुलाए गए पुलिस बल में तीन अपर पुलिस अधीक्षक, आठ क्षेत्राधिकारी तथा 15 निरीक्षक व 35 उपनिरीक्षक जनपद में पहुंच चुके हैं। मुख्यमंत्री की सुरक्षा की दृष्टि से गैर जनपद से आने वाले 200 आरक्षी, 10 महिला आरक्षी के साथ ही नौ कंपनी पीएसी के जवान भी जनपद को उपलब्ध कराए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को ड्यूटी चार्ट के माध्यम से तैनात करने की तैयारी पूरी हो चुकी है।
Blogger Comment
Facebook Comment