परिजनों ने लगाया बैंक कर्मियों पर लापरवाही का आरोप
अमिलो/आजमगढ़। ब्लड कैंसर से पीड़ित एक व्यक्ति द्वारा अपने बैंक खाते की धनराशि अपनी पुत्री के बैंक खाते में हस्तानान्तरित कराने के लिए स्थानीय भारतीय स्टेट बैंक में आना मंहगा पड़ गया और करीब दो घण्टे तक बैंक कर्मियों द्वारा टाल मटोल करने के नतीजे में बैंक के अन्दर ही उसकी मौत हो गयी। जिससे बैंक सहित आस पास के क्षेत्रों में भी हड़कंप मच गया और काफी संख्या में लोग वहां जमा होकर अपना आक्रोश व्यक्त करने लगे। इस कारण बड़ी अर्जेंटी का मुख्य मार्ग जाम हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति को सामान्य करते हुये मृतक के शव को उनके घर रवाना कर दिया। जानकारी के अनुसार मुबारकपुर थानान्तर्गत ग्राम गूजरपार निवासी रामवृक्ष पुत्र स्व. बुद्धु राम का भारतीय स्टेट बैंक की मिनी ब्रांच गूजरपार में एक खाता है, जिसमें करीब 31 हजार रुपए जमा हैं, किन्तु रामवृक्ष के ब्लड कैंसर से पीड़ित होने के कारण वह अपना धन अपनी पुत्री के खाते में हस्तान्तरित कराने के लिए बुधवार को दिन में 02:00 बजे मुबारकपुर ब्रांच में आया, किन्तु बैंक कर्मियों द्वारा टाल मटोल के कारण चार बजे तक उसकी हालत गंभीर हो गई। यह देख कर बैंक कर्मियों ने तत्काल उसका काम पूरा कर तो दिया, लेकिन दो मिनट बाद ही बैंक के अन्दर ही उसकी मृत्यु हो गयी, जिससे जहां बैंक कर्मियों के हाथ पांव फूल गये वहीं आम लोगों में भी आक्रोश व्याप्त हो गया। बाद में पुलिस द्वारा परिजनों को समझा बुझा कर शव को उनके सुपुर्द कर दिया गया। मृतक के आश्रितों में पत्नी पूनम (38), पुत्री करिश्मा (16), पुत्र संजय (12) व गोलू (9) शामिल हैं।
Blogger Comment
Facebook Comment