सगे भाई हो सकते हैं मृतक, जांच में जुटी पुलिस आजमगढ़ : जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अजमतगढ़ ताल सलोना (डिडवानिया मझौवा) स्थित कारा माई के स्थान के पास ताल के किनारे दो मासूमों के शव मिलने से हड़कंप मच गया है। चोट का निशान देख यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि दोनों बच्चों की हत्या कर शव फेंका गया होगा। आशंका यह भी जताई जा रही है कि दोनों सगे भाई हो सकते है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बताते है कि शुक्रवार को अपराह्न करीब 2 बजे गांव के कुछ लोग ताल में भैस चरा रहे थे। उसी दौरान उनकी नजर घासों के बीच पड़े दो मासूमों पर पड़ी। लोगों ने करीब जाकर देखा तो दोनों जिंदा नहीं थे। इसके बाद लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। जीयनपुर कोतवाल मय फोर्स मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। मृतकों में एक बच्चा करीब 8 वर्ष का था। उसका रंग सावला, हरा टी-शर्ट और नीले रंग का हाफ पैंट पहने हुआ था। वहीं दूसरा बच्चा करीब 5 वर्ष का था। वह लाल सफेद व काली पट्टी धारीदार टी-शर्ट व हाफ पैंट पहने था। दोनों बच्चे देखने में भाई प्रतीत होते हैं । दोनों के चेहरों पर चोट के निशान थे। ऐसा माना जा रहा है कि किसी ने दोनों की हत्या कर शव यहां फेंक दिया होगा। शव के पास एक सफेद रंग का कपड़ा भी पड़ा हुआ था। पुलिस इस मामले में कुछ बोलने को तैयार नहीं है। मामले की जांच जारी है। पुलिस का मानना है कि पीएम रिपोर्ट के बाद ही स्थित स्पष्ट होगी। वहीं शवों के शिनाख्त की भी कोशिश की जा रही है।
Blogger Comment
Facebook Comment