.

सिधारी :पुलिस को चुनौती ,चोरों ने शहर में ही तीन दुकानों को बनाया निशाना

आजमगढ़। सूबे का निजाम भले ही बदल गया हो लेकिन पुलिस अपने ही ढर्रे पर चल रही है। यहीं वजह है कि अपराध रूकने का नाम नहीं ले रहा है। जनपद के सक्रिय थानों में शुमार सिधारी थाने की पुलिस अपराधियों के आगे पस्त नजर आ रही है। क्षेत्र में चोर-अपराधी पूरी तरह सक्रिय है। अभी दो दिन पूर्व सिधारी थाने से चंद कदम की दूरी पर जनरल स्टोर की दुकान पर चोरों ने धावा बोला और हजारों की संपत्ति समेट ली। इधर शुक्रवार की रात चोरों ने रेलवे स्टेशन क्षेत्र में पानदरीबा के सामने तीन दुकानों को अपना निशाना बनाते हुए पुलिस को एक बार फिर चुनौती दे डाली।
रेलवे स्टेशन क्षेत्र में पानदरीबा के सामने बनी दुकानों में छोटे दुकानदार अपना व्यवसाय कर परिवार की आजीविका चलाते हैं। इन्हीं में शामिल स्थानीय मूसेपुर निवासी भोलानाथ पांडेय पुत्र हीरालाल जनरल स्टोर का संचालन करते हैं। शुक्रवार की रात चोर दुकान की छत में लगे टीनशेड को उठा कर अंदर घुस गए। यहां से चार हजार रुपये के सिक्के तथा गृहस्थी के  सामान सहित लगभग 15000 की संपत्ति समेट लिया।
इसी दुकान के बगल में ट्रैवल्स एजेंसी का संचालन करने वाले पल्हनी ग्राम निवासी योगेश गोंड की दुकान में भी इसी तर्ज पर चोर अंदर घुस गए और दुकान में मौजूद दो लैपटाप, तीन रिचार्ज मोबाइल, एक कैमरा तथा कैश बाक्स में रखी ढाई हजार नकदी समेट लिए। इसी के पड़ोस में सुर्ती का व्यवसाय करने वाले गोविंदलाल मिश्रा निवासी मोहल्ला खत्रीटोला थाना शहर कोतवाली की दुकान में घुसे चोर कैश बाक्स में रखे एक हजार के सिक्के समेट कर फरार हो गए। घटना की जानकारी पीड़ित दुकानदारों को शनिवार की सुबह दुकान खोलने पर हुई।
इसकी सूचना पीड़ितों ने मुकामी थाने को दी। घटना की जानकारी पाकर मूसेपुर चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर वापस लौट गए। देरशाम तक इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी। क्षेत्र के लोगों ने पुलिस चौकसी पर सवालिया निशान खड़े करते हुए बताया कि इस क्षेत्र में गश्त करने वाली पुलिस रात में केवल वाहन चालकों और रेल यात्रियों से वसूली में जुटी रहती है। क्षेत्र की सुरक्षा से उनका कोई सरोकार नहीं। 

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment