आजमगढ़। कानपुर जनपद के पनकी क्षेत्र से 16 टन दाल लादकर तीन दिन पूर्व गोंडा जिले के लिए रवाना हुए ट्रक चालक को रास्ते में बदमाशों ने नशीला पदार्थ खिलाकर लूट लिया। शनिवार की सुबह ट्रक चालक घायल व अचेत हालत में अपने वाहन के साथ सिधारी क्षेत्र के बेलईसा ओवरब्रिज के पास मिला। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कानपुर जनपद के निवासी अरविंद भटनागर का ट्रक फैजाबाद जिले के भेलसर ग्राम निवासी 25 वर्षीय अनिल चलाता है। गत बुधवार को चालक अनिल ट्रक पर कानपुर के पनकी क्षेत्र से 16 टन अरहर व चने की दाल लाद कर गोंडा जनपद के लिए रवाना हुआ। रास्ते में चारपहिया वाहन सवार बदमाशों ने ट्रक चालक को रोक लिया और उसे नशीला पदार्थ खिलाने के बाद ट्रक पर लदे लाखों रुपये कीमत की दाल लूट लिया। इसके बाद अपराधियों ने ट्रक और चालक को जिले के सिधारी थाना क्षेत्र में बेलईसा ओवरब्रिज के पास छोड़कर फरार हो गए। गुरुवार की सुबह कानपुर निवासी सलीम नामक ट्रक चालक ने वाहन की पहचान कर जब चालक की खोजबीन की तो वह कुछ ही दूरी पर घायल और अचेत हालत में पड़ा मिला। चालक सलीम ने इसकी जानकारी वाहन स्वामी संजीव भटनागर को दी। उधर अचेत ट्रक चालक को सरकारी एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी पाकर वाहन स्वामी कानपुर से मौके के लिए रवाना हो चुके हैं। चालक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। लूटी गयी दाल की कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
Blogger Comment
Facebook Comment