.

शराब दुकानों के स्थानांतरण की मांग , नारी शक्ति संस्थान ने सौंपा ज्ञापन

महिलाओ पर नहीं, शराब कारोबारियों पर नकेल कसे प्रशासन - डॉ पूनम                           शराब की दुकानों को हटवाने हेतु विशेष अभियान चलाये प्रशासन - वंदना 

आजमगढ़। सुप्रीम कोर्ट द्वारा शराब की दुकानों के सम्बन्ध में जारी गाइडलाइन का पालन कड़ाई से कराये जाने की मांग को लेकर नारी शक्ति संस्थान की सचिव डा पूनम तिवारी के नेतृत्व में नारी शक्तियों ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक से मिलकर ज्ञापन सौंपा। साथ ही कई प्रदर्शनकारी महिलाओं पर दर्ज प्राथमिकी को भी हटाने की मांग की गयी।
ज्ञापन सौंपते समय नारी शक्ति संस्थान की सचिव श्रीमती डा पूनम तिवारी ने बताया कि जनपद में कई शराब की दुकानें अभी भी बिना किसी रोक-टोक मंदिर, विद्यालयों, हाईवे व सार्वजनिक क्षेत्र में धड़ल्ले से संचालित हो रही है। जिसके विरोध में महिलाओं द्वारा मुखर प्रदर्शन का क्रम जारी है। इसके बावूजद भी जिला प्रशासन अभी तक मदिरालयों का स्थानांतरण कराना सुनिश्चित नहीं कर सका है। जिसके खिलाफ महिलाओं को मुखर होना पड़ा, शराब कारोबारियों पर नकेल कसने के बजाय प्रदर्शन कर रही महिलाओं पर ही उलटे पुलिसिया कार्यवाही की जा रही है। ऐसे में नारी शक्ति संस्थान जिला प्रशासन से मांग करती है कि अगर शीघ्र ही नियमों के विरूद्ध चल रहे शराब की दुकानों को नहीं हटाया गया तो नारी शक्ति संस्थान आंदोलन को बाध्य होगी। श्रीमती पूनम तिवारी ने प्रदर्शनकारी महिलाओं से अपील किया कि आप की आवाज हम जिला प्रशासन तक पहुंचायेंगे, कानून हाथ में लेकर आप खुद को दोषी न बनाये। हमें मामले की सूचना दें और संस्थान इस लड़ाई में आपके साथ है।
संस्थान की अध्यक्ष श्रीमती डा वन्दना द्विवेदी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का अभी तक जिला प्रशासन द्वारा पालन नहीं कराया जा सका है। शराब की दुकानों के विरोध में नारी शक्तियों की पीड़ा को बुद्धिजीवी तबका भलीभांति समझ सकता है क्योंकि इन दुकानों के आस-पास से भी महिलाओं का गुजरना सर्वाधिक कठिन होता है उन्हें आये दिन शराबियों की फब्तियां सुननी पड़ती है। इसके साथ ही तेजी से युवा वर्ग नशे की चपेट में आ रहा है। नारी शक्ति संस्थान की मांग है कि प्रशासन एक विशेष अभियान चलाकर शराब की दुकानों को उचित स्थान पर स्थानांतरण कराये और जिससे महिलाओं को एक स्वस्थ बेहतर समाज मिल सके। संस्थान की उपाध्यक्ष अनामिका सिंह पालीवाल ने कहा कि बीते कई दिनों से शराब की दुकानों को लेकर प्रशासन द्वारा कई प्रदर्शनकारी महिलाओं पर कार्यवाही की गयी है, इनकी पीड़ा व मानसिक स्थितियों को ध्यान में रखते हुए महिलाओं पर दर्ज प्राथमिकी वापस ली जाये।  ज्ञापन सौंपने वालों में संरक्षक श्रीमती विजय लक्ष्मी मिश्रा, कोषाध्यक्ष रश्मि डालमिया, मंत्री सुधा तिवारी, नीतू कश्यप, बबिता जसरासरिया, किरन रूंगटा, प्रियंका चौरसिया, सुधा गोयल, अनीता श्रीवास्तव, मेनका श्रीवास्तव, ललिता सिंह, शीला दुबे, डा डीपी तिवारी सहित आदि नारी शक्तियां मौजूद रही।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment