देवगांव/आजमगढ़: स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के कटौली खुर्द गांव में हुई मारपीट की घटना के बाद शनिवार को गांव में स्थिति सामान्य होती दिख रही है लेकिन दोनों पक्षों में पूरी तरह खामोशी छाई हुई है। जहां एक तरफ लोगों में कुछ भय था कि आगे क्या होगा। वहीं पूछताछ के लिए कोतवाली ले आए गए लोगों को भी छोड़ दिया गया था। जबकि पुलिस पूरी तरह स्थिति पर निगाह रखे हुए है। वैसे तो स्थिति पूरी तरह सामान्य हो चुकी है, किसी बात की कोई भी समस्या गांव में नहीं नजर आ रही है। मारपीट की घटना के बाद कटौली खुर्द निवासी शिवफेर पुत्र चिखुरी ने दूसरे पक्ष के शाह आलम पुत्र अनवर, ताहिर पुत्र अलाउद्दीन, शाहजहां पुत्र शाह आलम, कामिल पुत्र शाह आलम, मलिक पुत्र शाहआलम आदि समेत 15 लोगों के विरुद्ध मारपीट कर घायल करने की तहरीर दी थी । जिस पर कोतवाली में भारतीय दंड संहिता की धारा 147, 148 ,149, 323, 324, 504, 506 एवं एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उल्लेखनीय है कि विगत दिवस शव दफ़नाने के बाद पक्की मजार बनाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए थे जिससे मारपीट हो जाने से कुछ लोगों को चोट आई थी। कुछ लोगों का कहना है कि यह कब्रिस्तान की भूमि है जबकि कुछ लोगों का कहना है कि यह निजी भूमिधरी की जमीन है। इसी बात को लेकर हुए झगड़े में दर्जनों व्यक्ति घायल हो गए थे। कोतवाल मुनीश चौहान ने बताया की स्थिति पूरी तरह सामान्य है। पीएसी तथा स्थानीय पुलिस वहां मौजूद है तथा स्थिति पर पूरी तरह नजर रखी जा रही है। दो लोगों की गिरफ्तारी की भी उन्होंने बात कही।
Blogger Comment
Facebook Comment