रानी की सराय : आजमगढ़ : गुरुवार की देर रात संदिग्ध परिस्थिति में पेड़ से लटकता 20 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शुक्रवार की सुबह पहुंची पुलिस ने घटना को संदिग्ध बताते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। स्थानीय थाना क्षेत्र के ऊंचागांव ग्राम निवासी किशन चौहान (20) पुत्र रामसकल गुरुवार की शाम शौच के लिए घर से निकले थे। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरु की। रात करीब दो बजे गांव के सिवान में बबूल के पेड़ पर रस्सी के सहारे किशन का लटकता शव देख परिजन अवाक रह गए। किसी तरह परिजन शव को पेड़ से नीचे उतारकर घर लेकर चले गए। शुक्रवार की सुबह परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की मां ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या का आरोप लगाते हुए मुकामी थाने में गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस घटना को संदिग्ध बताते हुए जांच में जुट गई है। मृतक तीन भाईयों में सबसे छोटा व अविवाहित बताया गया है।
Blogger Comment
Facebook Comment