.

बेकाबू वाहनों ने ली दो मासूमों की जान: अन्य हादसों में वृद्धा सहित तीन घायल

आजमगढ़ : जनपद के रानी की सराय व मेंहनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को बेकाबू वाहनों ने दो मासूमों की जान ले ली। रानी की सराय क्षेत्र में हुई दुर्घटना के लिए जिम्मेदार चालक को वाहन सहित पुलिस के हवाले कर दिया गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
रानी की सराय थाना क्षेत्र के ईश्वरपुर ग्राम निवासी प्रमोद राम की 12 वर्षीय पुत्री सोनम गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार की छात्रा थी। सोमवार को दिन में करीब 11 बजे सोनम विद्यालय से पैदल अपने घर जा रही थी। इसी दौरान सरायमीर की ओर से आ रही तेज रफ्तार सवारी जीप की चपेट में आ जाने से छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की घेरेबंदी के बाद चालक वाहन सहित पकड़ लिया गया। चालक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। दुर्घटना के दौरान काफी देर तक शाहगंज मार्ग पर आवागमन बाधित रहा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना से मृत बालिका के घर कोहराम मचा हुआ है।
वहीँ मेंहनगर क्षेत्र के दामा गांव में सोमवार को मिट्टी के अवैध खनन में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आ जाने से नौ वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मिट्टी खनन में लगी जेसीबी व ट्रैक्टर मौके से भाग निकले। दामा ग्राम निवासी बेचू पासवान का नौ वर्षीय पुत्र आशीष सोमवार की दोपहर करीब एक बजे अपनी चचेरे व हमउम्र भाई विपिन के साथ घर से पैदल गांव की चट्टी पर सामान खरीदने जा रहा था। उसी दौरान गांव में अवैध तरीके से किए जा रहे मिट्टी खनन स्थल से आ रहे मिट्टी लदे ट्रैक्टर-ट्राली से कुचल कर आशीष की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मिट्टी खनन में प्रयुक्त जेसीबी व ट्रैक्टरों के चालक वाहन सहित मौके से भाग गए। मृत बालक गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो का छात्र था। हादसे की जानकारी पाकर सीओ लालगंज एसएन सिंह व मुकामी थानाध्यक्ष सारंगनाथ सिंह मौके पर पहुंचे गए। ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष अवैध मिट्टी खनन कार्य में संरक्षण देने का आरोप लगाया। मृत बालक के घर क्षेत्रीय विधायक कल्पनाथ पासवान भी शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। 

वहीँ दूसरी तरफ बरदह एवं जहानागंज थाना क्षेत्र में हुई मार्ग दुर्घटनाओं में 65 वर्षीय वृद्धा सहित तीन लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों में कपड़ों की फेरी लगाने वाला व्यवयाई कानपुर देहात जिले का निवासी बताया गया है। बरदह थाना क्षेत्र के सरायमोहन गांव के पास सोमवार की सुबह रोडवेज बस से उतरकर लघुशंका के लिए जा रहा यात्री बाइक की चपेट में आकर घायल हो गया। इस दुर्घटना में बाइक चालक भी घायल हुआ। दोनों घायलों को इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ केंद्र ले जाया गया। गंभीर रुप से घायल यात्री को जौनपुर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। घायल यात्री रामकरन (36) जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के अवसानपुर गांव का निवासी बताया गया जबकि घायल बाइक चालक हरभजन सिंह  (35) कानपुर देहात जिले का निवासी बताया गया है। घायल हरभजन कपड़े की फेरी लगाकर अपनी आजीविका चलाता है। स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर उसका उपचार चल रहा है।
इसी क्रम में जहानागंज थाना क्षेत्र के धनहुंआ गांव के समीप रविवार की शाम ट्रक की चपेट में आ जाने से 65 वर्षीय रामदासी पत्नी स्व. छट्ठू गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल वृद्धा स्थानीय निवासी बताई गई है। दुर्घटना के वक्त वह घर से पैदल गांव में किसी व्यक्ति के घर जा रही थी। जिला अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। 

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment