.

हाफिजपुर चौराहा बना भगत सिंह चौराहा ,वन मंत्रियो ने किया उद्घाटन


आजमगढ़। शहर में चौराहों, तिराहों, सड़कों के सुन्दरीकरण एवं विकास की कड़ी में एक और कड़ी जुड़ गयी। मंगलवार को शहर के सबसे बड़े हाफिजपुर चौराहे पर शहीद भगत सिंह की मूर्ति का प्रदेश के वन मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव, जिलाधिकारी सुहास एलवाई, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हवलदार यादव द्वारा साथ में फीता काटकर लोकापर्ण किया गया। इस अवसर पर वन मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि जनपद के विकास में पैसे की कोई कमी नहीं है। जनपद में बाग लखराव, हथिया पुल का निर्माण कराया गया। इसके साथ ही साथ हरिबंशपुर पुल का निर्माण हो रहा है। हाफिजपुर, रेलवे स्टेशन तक की सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है तथा शहर में अण्डरग्राउण्ड विद्युतीकरण का कार्य भी चल रहा है। आज शहर से 22 से 24 घंटे विद्युत तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 16 से 18 घंटे की आपूर्ति सरकार द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से प्रदेश सरकार द्वारा जितना विकास हुआ है उतना किसी भी सरकार में नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि आज शहर का वातावरण जगमगाता हुआ है। सभी चौराहे -तिराहे पर फब्बारे व प्रकाश की व्यवस्था की गयी है। आज शहर की पहचान सुन्दरता के मामले में है। शहर को जाम से मुक्त बनाया जा रहा है। यह चौराहा मां मुराती बालिका महाविद्यालय के सौजन्य से बनाया गया है। जो बहुत ही सुन्दर और आकर्षक चैराहा है। चौराहे पर शहीद भगत सिंह की मूर्ति भी बहुत ही सुन्दर लगायी गयी है। मूर्ति के अनावरण के बाद सभी गणमान्य लोगों द्वारा माल्यापर्ण किया गया।
कार्यक्रम का संचालन वैभव वर्मा ने किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन पीपी सिंह, शहीद भगत सिंह समिति के अध्यक्ष उदयराज यादव, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती इन्दिरा देवी जायसवाल, व्यापार मण्डल के अध्यक्ष संत प्रसाद अग्रवाल, हरिश्चन्द्र यादव, डा. हरिराम यादव, पूर्व प्रमुख विजय यादव, संजय पाण्डेय, सुनील विश्वकर्मा, वंदना यादव, कुसुम मौर्या, मां मुराती बालिका विद्यालय की प्रबन्धक सुमन यादव, अब्दुल रहमान, बृजभान यादव, मकबूल प्रधान, आनंद देव उपाध्याय, महेन्द्र यादव, मनोज वर्मा, आरिफ बेग आदि मौजूद रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment